फार्मर रजिस्ट्री व दिव्यांगता मुक्ति अभियान को लेकर संयुक्त प्रेस वार्ता

अपर समाहर्ता नीरज कुमार एवं उप विकास आयुक्त सुमित कुमार ने फार्मर रजिस्ट्री तथा दिव्यांगता मुक्ति अभियान से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ की साझा

लखीसराय(सरफराज आलम)जिला जिला प्रशासन, लखीसराय द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजनों तक प्रभावी रूप से पहुँचाने के उद्देश्य से एक संयुक्त प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता में अपर समाहर्ता नीरज कुमार एवं उप विकास आयुक्त सुमित कुमार ने फार्मर रजिस्ट्री तथा दिव्यांगता मुक्ति अभियान से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा की।

अपर समाहर्ता नीरज कुमार ने किसानों के हित में शुरू की गई फार्मर रजिस्ट्री प्रक्रिया को एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से किसानों की पहचान एकीकृत डिजिटल प्रणाली में दर्ज होगी, जिससे उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का सीधा और पारदर्शी लाभ मिल सकेगा। उन्होंने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री से कृषि अनुदान, बीज एवं उर्वरक सब्सिडी, फसल बीमा, किसान सम्मान निधि सहित अन्य योजनाओं का लाभ त्वरित रूप से प्राप्त किया जा सकेगा।

उन्होंने फार्मर रजिस्ट्री के लिए आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देते हुए कहा कि आधार कार्ड, भूमि से संबंधित कागजात, बैंक खाता विवरण और मोबाइल नंबर अनिवार्य हैं। साथ ही किसानों से अपील की गई कि वे निर्धारित समयसीमा के भीतर पंजीकरण कराएं, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त सुमित कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा दिव्यांगता मुक्ति अभियान के तहत दिव्यांगजनों के लिए नि:शुल्क कृत्रिम उपकरण माप एवं वितरण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य दिव्यांग व्यक्तियों को सशक्त बनाना, उनकी दैनिक गतिविधियों को सुगम करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। शिविर में कृत्रिम हाथ, पैर सहित अन्य सहायक उपकरणों की माप ली जा रही है, ताकि लाभार्थियों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण उपकरण उपलब्ध कराए जा सकें।

उन्होंने बताया कि शिविर का लाभ लेने के लिए पात्र दिव्यांगजनों को निर्धारित तिथि एवं स्थल पर आवश्यक प्रमाण-पत्रों के साथ उपस्थित होना अनिवार्य होगा। जिला प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि कोई भी पात्र व्यक्ति इस योजना से वंचित न रहे।

प्रेस वार्ता के दौरान दोनों अधिकारियों ने किसानों और आम नागरिकों से जिला प्रशासन द्वारा संचालित अभियानों एवं योजनाओं में सक्रिय सहभागिता की अपील की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन लखीसराय जनकल्याण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और ऐसी योजनाएं भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगी।

इस अवसर पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार,जिला कृषि पदाधिकारी कुंदन कुमार, निदेशक जिला ग्रामीण विकास अभिकरण श्री नीरज कुमार, निदेशक एनईपी नीरज आनंद सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.