बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता, छात्राओं ने ली शपथ

नंदनामा के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में 100 दिवसीय अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित

लखीसराय(सरफराज आलम)महिला एवं बाल विकास निगम, लखीसराय के तत्वावधान में 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत मंगलवार को कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, नंदनामा में जागरूकता सह शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महिला एवं बाल विकास निगम के जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. मनोज कुमार सिन्हा, हब के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार, जिला समन्वयक कन्हैया कुमार एवं विद्यालय की वार्डन सह शिक्षिका प्रीति कुमारी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. मनोज कुमार सिन्हा ने कहा कि बाल विवाह एक गंभीर सामाजिक कुरीति होने के साथ-साथ कानून का उल्लंघन भी है। इससे बालिकाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने छात्राओं से कम से कम स्नातक स्तर तक शिक्षा प्राप्त करने का संकल्प लेने और स्वयं बाल विवाह न करने तथा न ही किसी को करने देने की अपील की। उन्होंने बताया कि कहीं भी बाल विवाह की सूचना मिलने पर इसकी जानकारी शिक्षक-शिक्षिका, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 या महिला हेल्पलाइन टॉल फ्री नंबर 181 पर दी जा सकती है।

मुखिया प्रतिनिधि ने कहा कि बाल विवाह मुक्त पंचायत बनाने के लिए पंचायत पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह से केवल परिवार ही नहीं, बल्कि समाज और देश की प्रगति भी प्रभावित होती है। ऐसे में इसके उन्मूलन के लिए समाज के हर वर्ग को आगे आना होगा।

हब के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने महिला सशक्तिकरण केंद्र, सखी वन स्टॉप सेंटर और बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना की जानकारी देते हुए कहा कि ये योजनाएं महिलाओं एवं बालिकाओं के संरक्षण और सशक्तिकरण में अहम भूमिका निभा रही हैं।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। अंत में सभी को बाल विवाह रोकथाम की सामूहिक शपथ दिलाई गई तथा छात्राओं के बीच स्वच्छता प्रबंधन किट्स का वितरण किया गया।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.