जनसहारा सामाजिक ट्रस्ट ने सीएम के नाम सौंपा ज्ञापन 

ट्रस्ट ने कर्मचारियों की लंबित मांगों का समाधान निकालने और शहर में सफाई व्यवस्था दुरूस्त करवाने की मांग की

ऐलनाबाद,08 मई ( एम पी भार्गव ) नगर पालिका कर्मचारियों की जारी हड़ताल के चलते शहर में बिगड़ती सफाई व्यवस्था को लेकर जन सहारा सामाजिक चैरिटेबल ट्रस्ट ने गुरुवार को उपमंडल अधिकारी (नागरिक) को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से ट्रस्ट ने सफाई कर्मचारियों की लंबित मांगों का तुरंत समाधान कर हड़ताल समाप्त करवाने की मांग की है। ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बताया कि पिछले कई दिनों से चल रही हड़ताल के कारण शहर में कूड़े के ढेर लग गए हैं। मुख्य बाजारों, गलियों और चौक-चौराहों पर गंदगी फैलने से आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे बन गए हैं कि संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई है कि सफाई कर्मचारियों, फायर कर्मचारियों एवं अन्य संबंधित कर्मियों की लंबित मांगों का शीघ्र समाधान किया जाए, ताकि हड़ताल खत्म हो और शहर की सफाई व्यवस्था बहाल हो सके। उन्होंने कहा कि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। इस अवसर पर ट्रस्ट के प्रधान नरेश सिला, धर्मवीर, पार्षद सुभाष चंद्र, सुखदेव गुंदला, अधिवक्ता सज्जन चालिया, विजय इटकान, सुरेश नीमला, धीरज कुमार खारिया, अमित राजपूत, आशीष, मीरा स्वामी, कविता चिलकनी ढाब, हिमांशु सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे.

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.