एसएसपी के निर्देश पर जांच तेज, हथियार की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

तरनतारन के झबाल में दिनदहाड़े डबल मर्डर, दो सगे भाइयों की गोली मारकर हत्या

-पुरानी रंजिश के चलते वारदात को दिया गया अंजाम, मुख्य आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटीं

-मृतक बीच-बचाव करने आए थे, आरोपी ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दोनों को मौत के घाट उतारा

  • रिपोर्ट: ललित शर्मा

तरनतारन जिले के थाना झबाल क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना में दो सगे भाइयों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, यह वारदात पुरानी रंजिश के चलते हुई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी हैं।

डीएसपी तरनतारन प्रवेश चोपड़ा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कीरत सिंह पुत्र शहबाज सिंह अपने साथ दो अन्य लोगों के साथ वाहन में मौके पर पहुंचा था। वहां उसने एक युवक से मारपीट करने की कोशिश की। इसी दौरान युवक के पिता और ताऊ बीच-बचाव के लिए आगे आए, जिस पर आरोपी ने अपनी पिस्तौल से 2-3 गोलियां चला दीं। गोली लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों को तुरंत अमृतसर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि दोनों मृतक आपस में सगे भाई थे और झगड़ा छुड़ाने के लिए आगे आए थे, लेकिन हमले का शिकार हो गए।

 

डीएसपी ने कहा कि एसएसपी तरनतारन सुरेंद्र लांबा (IPS) के निर्देश पर एसपी, डीएसपी और थाना स्तर की कई पुलिस टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। वारदात में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के बाद ही स्पष्ट होगा कि किस प्रकार के हथियार से फायरिंग की गई।

इस घटना पर झबाल निवासी अमरिंदर सिंह ने गहरा दुख जताते हुए बताया कि मृतक इलाके के सम्मानित परिवार से थे। उन्होंने कहा कि दोनों भाई समाजसेवी प्रवृत्ति के थे और अलग-अलग गुरुद्वारा कमेटियों से जुड़े हुए थे। परिवार का सामाजिक और राजनीतिक योगदान भी रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी ने दिनदहाड़े बेहद बेरहमी से दोनों भाइयों पर गोलियां चलाईं, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।

अमरिंदर सिंह ने कहा कि पंजाब में लगातार बढ़ रही हिंसक घटनाएं चिंता का विषय हैं। उन्होंने सरकार और प्रशासन से मांग की कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए ताकि लोगों में कानून के प्रति विश्वास कायम रह सके।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.