स्कूल में पहुंचीं इंस्पेक्टर सीमा सोढ़ी, विद्यार्थियों को नशे व साइबर अपराध से किया जागरूक

नशा विरोधी मुहिम निरंतर जारी, नशेड़ियों में घबराहट बढ़ी

Ellenabad, August 27 ( एम पी भार्गव ): सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सीमा सोढ़ी ने गांव भरोखां स्थित राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पहुंचकर छात्र-छात्राओं को नशे, महिला विरुद्ध अपराध, साइबर क्राइम और यातायात नियमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से बातचीत करते हुए कहा कि नशा समाज के लिए गंभीर खतरा है। युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखकर ही स्वस्थ और सुरक्षित समाज का निर्माण किया जा सकता है। इंस्पेक्टर सीमा सोढ़ी ने कहा कि नशे की शुरुआत अक्सर छोटी-सी गलती से होती है, लेकिन धीरे-धीरे यह व्यक्ति और उसके पूरे परिवार को प्रभावित कर सकता है।

उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे नशे से खुद भी दूर रहें और अपने आसपास किसी व्यक्ति को नशे की गिरफ्त में जाते देखें तो इसकी सूचना अभिभावकों अथवा पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि पढ़ाई, खेलकूद और सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेकर युवा अपने भविष्य को बेहतर बना सकते हैं। महिला एवं बच्चों की सुरक्षा के संबंध में उन्होंने विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की गलत हरकत, छेड़छाड़ या उत्पीड़न को नजरअंदाज न करें। परेशानी होने पर तुरंत अपने माता-पिता, अध्यापक या पुलिस से संपर्क करें। उन्होंने विद्यार्थियों को इंटरनेट और सोशल मीडिया का सावधानी से इस्तेमाल करने की सलाह दी।

साइबर अपराध के बारे में जानकारी देते हुए थाना प्रभारी ने कहा कि अनजान लिंक पर क्लिक न करें और किसी के साथ ओटीपी, पासवर्ड, बैंक संबंधी जानकारी अथवा निजी जानकारी साझा न करें। साइबर ठगी होने पर घबराने की बजाय तुरंत शिकायत करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

उन्होंने विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने का संदेश देते हुए कहा कि सड़क पर वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करें, तेज गति से वाहन न चलाएं तथा यातायात संकेतों का पालन करें। इस दौरान स्कूल स्टाफ ने पुलिस की जागरूकता मुहिम की सराहना की। विद्यार्थियों ने भी नशे से दूर रहने और यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.