ऐलनाबाद के आधार सेंटर को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने की मांग, प्रशासन ने दिया जल्द व्यवस्था का आश्वासन
Ellenabad, August 27 (एम पी भार्गव): आधार सेंटर को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करवाने की मांग को लेकर आज सी.एम. विंडो के एमिनेंट पर्सन सहित प्रतिनिधिमंडल ने माननीय उपमंडल अधिकारी व नगरपालिका सचिव से मुलाकात की और एस.डी.एम. को ज्ञापन सौंपा। इस प्रतिनिधिमंडल में चंद्र प्रकाश सोनी, रविंद्र लढा, धीरज कुमार व जितेंद्र शर्मा शामिल थे।
प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को आधार सेंटर की मौजूदा स्थिति से अवगत करवाते हुए इसे किसी सुरक्षित व सुविधाजनक स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की। प्रशासन की ओर से जल्द ही नई जगह की व्यवस्था कर आधार सेंटर को शिफ्ट करने का आश्वासन दिया गया है।
फिलहाल आधार सेंटर कटारिया स्वीट्स के पीछे स्थित एक अपेक्षाकृत सुनसान स्थान पर बना हुआ है। आसपास नगरपालिका द्वारा मार्किट विकसित की गई है तथा नगरपालिका सचिव का निवास भी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में अक्सर लोगों की बैठक रहती है और कुछ लोग ताश आदि खेलते दिखाई देते हैं।
इसके अलावा नशे का सेवन करने वाले लोगों की आवाजाही भी रहती है, जिसके चलते आधार सेंटर पर आने वाले लोगों, विशेषकर महिलाओं को असुविधा व असुरक्षा का सामना करना पड़ता है।
प्रतिनिधिमंडल ने सवाल उठाया कि सुरक्षित व सुविधाजनक स्थान से आधार सेंटर को हटाकर सुनसान क्षेत्र में क्यों स्थानांतरित किया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मांग की कि आधार सेंटर को जल्द बाजार व किसी अन्य व्यस्त एवं सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जाए।
अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र नई जगह की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया। स्थानीय प्रशाशन ने ऐलनाबाद के जन समुदाय को भरोसा दिलवाया है कि इस आधार सेंटर को तुरंत ही शहर के अच्छे एवं सार्वजनिक स्थान पर शिफ्ट कर दिया जाएगा ताकि किसी भी नगरवासी को परेशानियों का सामना ना करना पड़े।
