अयोध्या में श्रद्धालुओं का सैलाब: रामलला के दर्शन के लिए उमड़ी ऐतिहासिक भीड़

अयोध्या।  अयोध्या में इस बार ऐसा श्रद्धालुओं का रेला उमड़ा कि हर कोई अचंभित रह गया। रामलला के दर्शन के लिए लाखों की संख्या में लोग पहुंचे और पुराने रिकॉर्ड टूट गए।

25 लाख श्रद्धालु पहुंचे रामलला के दरबार
पिछले 30 घंटों में लगभग 25 लाख श्रद्धालु अयोध्या में दर्शन के लिए पहुंचे हैं और अभी भी श्रद्धालुओं का आना लगातार जारी है। रामलला और हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन के लिए भक्तों की कतारें कई किलोमीटर तक फैली हुई हैं। संभावना है कि आने वाले बसंत पंचमी पर्व तक अयोध्या श्रद्धालुओं से खचाखच भरी रहेगी।

भीड़ प्रबंधन में प्रशासन जुटा
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने श्रद्धालुओं की इस भारी भीड़ को देखते हुए पहले से ही प्रशासन को सतर्क कर दिया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो। मंडलायुक्त गौरव दयाल, आईजी प्रवीण कुमार और जिलाधिकारी चंद्र विजय सिंह लगातार मेला क्षेत्रों का निरीक्षण कर रहे हैं और भीड़ प्रबंधन पर नजर बनाए हुए हैं।

सड़कों और गलियों में लगा जाम
राम मंदिर तक पहुंचने वाले सभी रास्ते और गलियां श्रद्धालुओं से पूरी तरह भर चुकी हैं। रामपथ, जन्मभूमि पथ और भक्तिपथ पर लोगों का तांता लगा हुआ है। चौड़ी सड़कों और नए मार्गों के बावजूद अयोध्या में अप्रत्याशित भीड़ के चलते यातायात जाम हो गया है।

ठहरने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
श्रद्धालुओं के लिए 20,000 लोगों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। नगर निगम ने चौक-चौराहों पर विशेष सजावट भी कराई है। राम मंदिर और हनुमानगढ़ी पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अतिरिक्त पुलिस बल और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। यातायात को व्यवस्थित करने के लिए ट्रैफिक कर्मी भी हर जगह मुस्तैद हैं।

श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए तैयार अयोध्या
अयोध्या में उमड़ी इस ऐतिहासिक भीड़ ने यह साबित कर दिया है कि रामलला का आकर्षण और श्रद्धा का भाव आज भी अडिग है। श्रद्धालुओं के उत्साह ने अयोध्या को एक बार फिर से आस्था और परंपरा का केंद्र बना दिया है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.