आईडीबीआई बैंक के चेयरमैन और ICAI के पूर्व अध्यक्ष टी.एन. मनोहरन का निधन, बैंकिंग और कॉर्पोरेट प्रशासन जगत को बड़ा नुकसान

  • रिपोर्ट- मंजय वर्मा

नई दिल्ली, 30 जुलाई। प्रसिद्ध बैंकर, चार्टर्ड अकाउंटेंट और प्रशासक टी.एन. मनोहरन का निधन हो गया है। वे आईडीबीआई बैंक के चेयरमैन और इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) के पूर्व अध्यक्ष रह चुके थे। इसके अलावा वे केनरा बैंक के नॉन-एक्जीक्यूटिव चेयरमैन भी रहे। मनोहरन के निधन से बैंकिंग और कॉर्पोरेट प्रशासन के क्षेत्र को गहरी क्षति पहुँची है।

टी.एन. मनोहरन ने भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के निर्देश पर सहारा इंडिया फाइनेंस कॉर्पोरेशन के निदेशक के रूप में काम करते हुए जमाकर्ताओं के हितों की रक्षा और कारोबार बंद करने की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

उन्हें भारत सरकार की ओर से सत्यम कंप्यूटर्स सर्विसेज लिमिटेड के बोर्ड में विशेष निदेशक के रूप में नियुक्त किया गया था। सत्यम घोटाले के बाद कंपनी को पुनर्जीवित करने वाली टीम में उनकी भूमिका को देखते हुए उन्हें 2009 में ‘बिजनेस लीडरशिप अवॉर्ड’ और ‘इंडियन ऑफ द ईयर’ से सम्मानित किया गया था।

मनोहरन को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए भारत सरकार द्वारा ‘पद्मश्री’ पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था।

वे 2015 से 2020 तक पांच वर्षों तक केनरा बैंक के गैर-कार्यकारी चेयरमैन रहे। उन्हें लेखाशास्त्र, अर्थशास्त्र, बैंकिंग, जोखिम प्रबंधन, कृषि व ग्रामीण अर्थव्यवस्था, लघु उद्योग, मानव संसाधन और कॉर्पोरेट प्रशासन जैसे विषयों में गहन जानकारी थी।

शिक्षा के क्षेत्र में भी उन्होंने बड़ी उपलब्धियाँ हासिल कीं। उन्होंने मद्रास विश्वविद्यालय से वाणिज्य स्नातक और श्री वेंकटेश्वर विश्वविद्यालय, आंध्र प्रदेश से वाणिज्य में स्नातकोत्तर की उपाधि प्राप्त की थी। वे एक प्रतिष्ठित फेलो चार्टर्ड अकाउंटेंट थे और उन्होंने मद्रास लॉ कॉलेज से कानून की डिग्री भी हासिल की थी।

उनकी उपलब्धियाँ और योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.