- रिपोर्ट: मंजय वर्मा
मिर्जापुर। जिले के कछवां थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-19 पर शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में कार सवार दंपति की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में प्रतापगढ़ निवासी पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही कछवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा। वहीं, पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, हादसा कछवां थाना क्षेत्र के कटका स्थित नेशनल हाईवे-19 पर हुआ। फरार ट्रेलर चालक और वाहन की तलाश की जा रही है। मामले में विधिक कार्रवाई जारी है।
