बागवानी किसानों के लिए खुशखबरी: अनुदान का लाभ पाने हेतु कराना होगा रजिस्ट्रेशन

ऐलनाबाद, 30 मार्च (एम.पी. भार्गव)। बदलते समय के साथ खेती के तौर-तरीकों में हो रहे बदलावों को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार छोटे और सीमांत किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न अनुदान योजनाएं चला रही है। इसी क्रम में एकीकृत सब्जी खेती को बढ़ावा देने के लिए सामान्य वर्ग के किसानों को प्रति एकड़ 15 हजार रुपये तथा अनुसूचित जाति वर्ग के किसानों को 25 हजार रुपये तक का अनुदान दिया जा रहा है।

सरकार किसानों को सूक्ष्म सिंचाई (टपका प्रणाली) अपनाने के लिए भी प्रोत्साहित कर रही है, जिससे कम पानी में अधिक उत्पादन लेकर बेहतर मुनाफा कमाया जा सके। जिले में लगातार घटते भूजल स्तर को देखते हुए सब्जियों की खेती को एक बेहतर विकल्प माना जा रहा है। साथ ही, बाजार में ताजी सब्जियों की मांग हमेशा बनी रहने और तुरंत नकद भुगतान मिलने से किसानों को नियमित आय का स्रोत मिलता है।

जिला बागवानी अधिकारी दीन मोहम्मद ने बताया कि एकीकृत बागवानी विकास मिशन के तहत यह अनुदान अधिकतम 5 एकड़ तक दिया जाएगा। पात्रता पूरी होने पर अनुदान की राशि सीधे किसानों के बैंक खाते में स्थानांतरित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि योजना का लाभ उठाने के लिए किसानों का संबंधित वेबसाइट पर पंजीकरण अनिवार्य है। साथ ही, ‘मेरी फसल-मेरा ब्योरा’ पोर्टल पर फसल का पंजीकरण भी जरूरी है। बागवानी विभाग की योजनाओं का लाभ “पहले आओ-पहले पाओ” के आधार पर दिया जाएगा, इसलिए किसानों को समय रहते आवेदन करने की सलाह दी गई है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.