ऐलनाबाद, 22 अप्रैल( एम पी भार्गव )उप मंडल के गांव ढाणी शेरां में केहरवाला रोड पर स्थित इंडियन बायोफ्यूल इंडस्ट्री में आज सुबह अचानक शार्ट सर्किट के कारण आग लग गई जिससे वहां ईंधन के रूप में स्टॉक की गई हजारों क्विंटल पराली और फैक्ट्री की मशीनों में आग लगने से करीब 2 करोड रुपए का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है। यह जानकारी देते हुए इंडस्ट्री के पार्टनर दीपक गोयल ने बताया कि आज सुबह करीब साढ़े 11 बजे अचानक शार्ट सर्किट के कारण फैक्ट्री परिसर में ईंधन के रूप में स्टॉक की गई पराली में अचानक आग लग गई जो धीरे-धीरे करती हुई फैक्ट्री की मशीनों तक जा पहुंची। हालांकि वहां मौजूद कर्मचारियों व आसपास मौजूद लोगों ने आग पर काबू पाने का काफी प्रयास किया लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। इस घटना की सूचना तुरंत स्थानीय फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की तीनों गाड़ियां वहां मौके पर पहुंची और आग़ पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। आग की भयावहता को देखते हुए सिरसा और फतेहाबाद से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को बुलाया गया। लेकिन तब तक आग ने फैक्ट्री की मशीनों को भी अपने कब्जे में ले लिया। फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने करीब 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद इस भयंकर आगजनी पर काबू पा लिया गया। जिसके चलते सिरसा और फतेहाबाद की गाड़ियों को बीच रास्ते से ही वापस भेज दिया गया। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी की जान का नुकसान नहीं हुआ। इंडस्ट्री के पार्टनर दीपक गोयल ने बताया कि इस आगजनी की घटना से उन्हें करीब दो करोड रुपए का नुकसान हुआ है। घटना की सूचना पाकर स्थानीय थाना प्रभारी और डीएसपी स्वयं मौके पर पहुंचे और घटना का जायजा लिया।
