भाखड़ा डैम के निकट सड़क धंसने पर डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण
सुरक्षा के मद्देनजर आवागमन तत्काल बाधित करने और लगातार निगरानी के निर्देश
- रिपोर्ट: शाहबाज़ खां
जनपद रामपुर की तहसील बिलासपुर क्षेत्र में भाखड़ा डैम के निकट सड़क का एक हिस्सा अचानक धंसने की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) डॉ. नितिन मदान एवं संबंधित अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने मौके पर स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों से सड़क के धंसे हिस्से की वर्तमान स्थिति एवं संभावित जोखिम के संबंध में जानकारी ली। सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उन्होंने धंसे हुए हिस्से के आसपास आवागमन तत्काल बाधित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर सतर्कता बरतते हुए निरंतर निगरानी बनाए रखने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुरक्षा एवं मरम्मत कार्य प्राथमिकता के आधार पर तत्काल सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा आमजन की सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की है कि भाखड़ा डैम के निकट सड़क के धंसे हुए हिस्से की ओर न जाएं और किसी भी प्रकार का आवागमन न करें। नागरिक सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें तथा प्रशासन द्वारा लगाए गए अवरोधों एवं सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
