लखीसराय में महिला फुटबॉल चैंपियनशिप का रोमांच, अरवल-रोहतास और बेगूसराय की शानदार जीत

लखीसराय(सरफराज आलम)लखीसराय के.आर.के. मैदान में आयोजित राज्यस्तरीय सीनियर महिला फुटबॉल चैंपियनशिप-2026 के चौथे दिन रोमांचक एवं प्रतिस्पर्धात्मक मुकाबले खेले गए। विभिन्न जिलों की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचित किया।दिन के पहले मुकाबले में अरवल की टीम ने जहानाबाद को 6-0 से पराजित कर अगले चक्र में प्रवेश किया। मैच के 13वें मिनट में संध्या कुमारी ने पहला गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद प्रिया कुमारी, सबिता, रिया कुमारी एवं पुनः प्रिया कुमारी ने गोल दागते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। पूरे मैच में अरवल का दबदबा कायम रहा। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए संध्या कुमारी को “प्लेयर ऑफ द मैच” घोषित किया गया। इस अवसर पर आईजी विकास वैभव, जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र उपस्थित, वरीय उपसमाहर्ता शशि कुमार, जिला खेल पदाधिकारी मृणाल रंजन, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ किया एवं उन्हें प्रेरित किया।
दूसरे मुकाबले में सारण और रोहतास के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। निर्धारित समय तक दोनों टीमों के बीच कोई निर्णायक बढ़त नहीं बन सकी, जिसके बाद मैच का निर्णय टाई-ब्रेकर के माध्यम से किया गया। टाई-ब्रेकर में रोहतास की टीम ने 3-2 से जीत दर्ज कर अगले चक्र में प्रवेश किया। इस मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए रोहतास की गोलकीपर खुशबू कुमारी को “प्लेयर ऑफ द मैच” से सम्मानित किया गया। मैच के मुख्य अतिथि महिसोना पंचायत के मुखिया विपिन कुमार रहे।

इसके अलावा पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में बेगूसराय की टीम ने दरभंगा को 6-0 से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित की। मैच के पहले हाफ में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला रहा, लेकिन मध्यांतर के बाद बेगूसराय ने आक्रामक खेल दिखाते हुए लगातार गोल दागे। सुरुचि कुमारी, सुप्रिया, अंजलि एवं कौशिकी कुमारी ने गोल कर टीम को शानदार जीत दिलाई। इस मैच में सुरुचि कुमारी को “प्लेयर ऑफ द मैच” घोषित किया गया।

मैच के सफल संचालन में मुख्य रेफरी दीपक कुमार, सहायक रेफरी कैलाश पंडित एवं उपेंद्र यादव तथा चौथे रेफरी हर्षित आनंद की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कॉमेंटेटर के रूप में पूर्णेन्दु शेखर एवं सुशांत कुमार ने अपनी भूमिका निभाई।

आयोजन समिति के अध्यक्ष अभिषेक पटेल, जिला फुटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक सिंह, सचिव बबलू शर्मा सहित अन्य सदस्यों के सहयोग से प्रतियोगिता का सफल संचालन किया जा रहा है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.