रामपुर में स्पा सेंटरों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, छापेमारी में कई केंद्र किए गए बंद

रामपुर में स्पा सेंटरों के खिलाफ जिला प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए व्यापक चेकिंग और छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान नगर क्षेत्र के कई स्पा सेंटरों में अनियमितताएं पाए जाने पर उनका संचालन तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया।

यह कार्रवाई जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी और नवागत पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा के दिशा-निर्देशों के तहत की गई। जांच के दौरान पाया गया कि कई स्पा सेंटरों के पास नगर पालिका और फायर विभाग की अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) सहित अन्य आवश्यक लाइसेंस मौजूद नहीं थे।

छापेमारी के दौरान नगर मजिस्ट्रेट रामसालिक सिंह, सिविल लाइन इंस्पेक्टर ओमकार सिंह, मिशन शक्ति टीम, नगर पालिका परिषद की टीम और फायर विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

कार्रवाई के तहत जिन स्पा सेंटरों पर चेकिंग और छापेमारी की गई, उनमें रोज थेरेपी स्पा (गन्ना सोसाइटी, शौकत अली रोड), गोल्ड क्लासिक स्पा एंड सैलून (आवास विकास), गोल्ड हैंड स्पा सेंटर (फ्रेंड्स कॉलोनी और शौकत अली रोड), मैंगो स्पा सेंटर (शौकत अली रोड) और प्रियंका लीफ स्पा पार्लर (लाइंस एलआईसी रोड) प्रमुख रूप से शामिल हैं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले सभी स्पा सेंटरों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और भविष्य में भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.