72 घंटे की तेल धारा के साथ मनाया जाएगा श्री शनिदेव महोत्सव

ऐलनाबाद में 12 अगस्त को भंडारा व विशाल जागरण, देश के विभिन्न राज्यों से कलाकार देंगे प्रस्तुति

Ellenabad, August 10 (डॉ एम पी भार्गव): हरियाली अमावस्या के पावन अवसर पर ऐलनाबाद के मेन बाजार स्थित प्राचीन श्री शनिदेव मंदिर में श्री शनिदेव महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। श्री शनिदेव सेवा समिति एवं समस्त भक्तजनों के सौजन्य से आयोजित होने वाले इस धार्मिक कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

आयोजकों के अनुसार श्री शनिदेव महोत्सव 12 अगस्त 2026, बुधवार को श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। इस दौरान मंदिर परिसर में 72 घंटे की तेल धारा विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। श्रद्धालु शनिदेव महाराज का तेलाभिषेक कर सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना करेंगे।

महोत्सव के तहत 12 अगस्त को सुबह 9 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था रहेगी। वहीं, सायं 9:15 बजे से विशाल जागरण का आयोजन होगा। जागरण में पंजाब से स्नेहा सोनी, राजस्थान से लकी कांडा तथा हिसार से अनिल तिलकधारी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इस दौरान कलाकारों द्वारा आकर्षक धार्मिक झांकियां भी प्रस्तुत की जाएंगी, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेंगी।

इसके बाद 13 अगस्त 2026 को प्रातः 4:15 बजे आरती एवं प्रसाद वितरण किया जाएगा। धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना भी होगी।

श्री शनिदेव सेवा समिति के सदस्यों ने बताया कि महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में काफी उत्साह है। समिति की ओर से सभी भक्तजनों से अपील की गई है कि वे परिवार सहित मंदिर पहुंचकर महोत्सव में भाग लें और श्री शनिदेव महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करें।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.