Lucknow: एलटी संवर्ग से प्रवक्ता पदोन्नति प्रक्रिया जल्द पूरी कराने की मांग, 13 नवंबर को अधिकारियों की बैठक के निर्देश

• पदोन्नति के बाद ऑनलाइन पदस्थापन, एसीपी और स्थानांतरण समेत शिक्षकों के कई मुद्दे उठाए गए

रिपोर्ट: सौरभ श्रीवास्तव

लखनऊ(उत्तर प्रदेश)। राजकीय शिक्षक संघ, उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने महानिदेशक (बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा) मोनिका रानी और शिक्षा निदेशक माध्यमिक प्रताप सिंह बघेल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। संघ ने समूह ‘ख’ में पदोन्नति के बाद शिक्षकों को ऑनलाइन पदस्थापन का विकल्प देने तथा एलटी संवर्ग से प्रवक्ता संवर्ग में अवशेष पदोन्नति प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराने की मांग की। संघ ने कहा कि पात्र शिक्षकों की सूची जल्द जारी कर प्रशासनिक बाधाओं और विसंगतियों को दूर किया जाए। इसके अलावा राजकीय माध्यमिक शिक्षकों को एसीपी का लाभ देने, चार प्रतिशत विभागीय कोटे के तहत ऑफलाइन स्थानांतरण, उत्तराखंड से आए शिक्षकों की ज्येष्ठता विवाद का स्थायी समाधान और अधिकृत राजकीय शिक्षक संघ की स्थापना की मांग भी उठाई गई।

शिक्षा निदेशक के साथ करीब एक घंटे चली वार्ता के बाद सकारात्मक पहल सामने आई। निदेशक ने अपर शिक्षा निदेशक (राजकीय) अजय कुमार द्विवेदी को निर्देश दिया कि 13 नवंबर 2026 को सभी संबंधित अधिकारी आवश्यक अभिलेखों और सूचियों के साथ निदेशालय में उपस्थित रहें, ताकि अवशेष पदोन्नति प्रक्रिया बिना विलंब पूरी की जा सके। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ के 66वें अधिवेशन में स्वीकृत राजकीय शिक्षक संघ के संविधान के पंचम संस्करण की प्रति भी निदेशक को भेंट की। प्रतिनिधिमंडल में प्रांतीय अध्यक्ष अशोक कुमार गौतम, कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. सत्यम् शिवम् सुन्दरम्, महामंत्री डॉ. अशोक कुमार अवाक, मुकेश चंद्र और अजय कुमार सिंह शामिल रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.