- पंकज झा वाराणसी ब्यूरो
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने औड़िहार–भटनी रेलखंड निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान देवरिया के सांसद शशांक मणि त्रिपाठी के साथ देवरिया सदर रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया गया। सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने अधिकारियों से कार्ययोजना, निर्माण की वर्तमान स्थिति तथा भविष्य की योजनाओं की जानकारी प्राप्त करते हुए कार्यों को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूरा करने पर जोर दिया।
मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं, ताकि यात्रियों को जल्द से जल्द आधुनिक, सुरक्षित और विश्वस्तरीय सुविधाओं का लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान स्टेशन भवन, यात्री सुविधाओं, परिसंचरण क्षेत्र तथा अन्य निर्माणाधीन अवसंरचनात्मक कार्यों का भी अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, सुरक्षा और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
इस अवसर पर मुख्य परियोजना प्रबंधक (गतिशक्ति) अशोक कुमार, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (तृतीय) आयुष कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक बलेन्द्र पाल, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) कुंवर सिंह यादव, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर (द्वितीय) अमित मणि त्रिपाठी, मंडल संरक्षा अधिकारी अभिषेक कुमार सिंह, उप मुख्य इंजीनियर (गतिशक्ति) शशांक पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं रेलवे कर्मचारी उपस्थित रहे।
