रामपुर: आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश के प्रदेश प्रवक्ता फ़ैसल ख़ान लाला ने जंतर-मंतर, नई दिल्ली से लौट रहे बरेली के दो छात्रों के साथ कथित मारपीट, गाली-गलौज, धमकी एवं अभद्र व्यवहार के मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) के अध्यक्ष को औपचारिक शिकायत भेजकर निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में कहा गया है कि 26 जुलाई 2026 को जंतर-मंतर से वापस लौट रहे छात्रों के साथ कथित रूप से हमला किया गया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और विभिन्न रिपोर्टों के अनुसार घटना में राष्ट्रीय हिन्दू वीर सेना के अध्यक्ष सत्यम पंडित का नाम सामने आया है। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित व्यक्ति पर पूर्व में भी भड़काऊ भाषा और गुंडागर्दी के आरोप लग चुके हैं।
फ़ैसल ख़ान लाला ने कहा कि यदि कोई छात्र या नागरिक किसी शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक कार्यक्रम में भाग लेकर लौट रहा हो, तो उसके साथ हिंसा, धमकी और दुर्व्यवहार न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि उसके मौलिक एवं मानवाधिकारों पर भी सीधा हमला है। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई होना आवश्यक है।
शिकायत के माध्यम से राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग से मांग की गई है कि पूरे मामले की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, पीड़ित छात्रों की सुरक्षा प्रदान की जाए, दिल्ली अथवा गाज़ियाबाद पुलिस से विस्तृत Action Taken Report (ATR) तलब की जाए तथा भविष्य में छात्रों और शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएँ।
