Sonbhadra: छात्राओं ने विज्ञान और गणित के मॉडलों से दिखाई प्रतिभा, करियर मेले में मिली भविष्य की राह
• पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में विज्ञान प्रदर्शनी एवं गणित मेले का आयोजन, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राएं हुईं सम्मानित
- रिपोर्ट: मनीष कुमार
दुद्धी(सोनभद्र)। पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, दुद्धी में शैक्षिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के अंतर्गत करियर मेला, विज्ञान प्रदर्शनी एवं गणित मेले का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए विभिन्न विषयों से संबंधित आकर्षक मॉडल, वैज्ञानिक प्रयोग और गणितीय गतिविधियों का प्रदर्शन किया। करियर मेले के माध्यम से छात्राओं को भविष्य के विभिन्न रोजगार एवं करियर विकल्पों की जानकारी दी गई। साथ ही विज्ञान के महत्व और गणित के व्यावहारिक उपयोगों से भी परिचित कराया गया। छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच का प्रदर्शन कर उपस्थित अतिथियों का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। आयोजन का उद्देश्य छात्राओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक क्षमता, रचनात्मकता और भविष्य के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा। इस मौके पर जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह, राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अजय कुमार, झारो कला की प्रधानाचार्य अनिता गौड़, प्रभारी प्रधानाचार्य शोभा यादव, डॉ. प्रीति शर्मा, फैजान, अरुण मिश्र, वर्षा, अर्चना, मंजूलता, राधा, मनीष कुमार, कुमारी आरती एवं आकांक्षा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और कर्मचारी मौजूद रहे।
