बच्चों के बीच पहुंचे सीएम योगी, मॉडल देख बढ़ाया उत्साह; स्वच्छ-हरित विद्यालयों के शिक्षकों का किया सम्मान

  • रिपोर्ट: पंकज झा

वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को स्वच्छ एवं हरित विद्यालय अभियान के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रदेश के 12 प्रधानाचार्यों और प्रधानाध्यापकों को सम्मानित किया। इन विद्यालयों का चयन स्वच्छता, शुद्ध पेयजल, शौचालय, हाथ धुलाई, रखरखाव और बेहतर विद्यालयीय वातावरण विकसित करने के उत्कृष्ट प्रयासों के आधार पर राष्ट्रीय स्तर पर किया गया है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का सबसे आत्मीय अंदाज तब देखने को मिला, जब वे मंच पर जाने से पहले परिषदीय स्कूलों के बच्चों के बीच पहुंचे। उन्होंने बच्चों द्वारा तैयार किए गए विज्ञान और नवाचार से जुड़े विभिन्न मॉडलों का अवलोकन किया तथा उनसे मॉडल की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने बच्चों से उनका नाम, कक्षा और पढ़ाई के बारे में भी पूछा, जिससे बच्चों का उत्साह और बढ़ गया।

मुख्यमंत्री ने दिव्यांग बच्चों का भी विशेष रूप से हौसला बढ़ाया और सभी बच्चों को चॉकलेट देकर उनका उत्साहवर्धन किया। मंच से संबोधन के दौरान भी उन्होंने बच्चों की प्रतिभा और रचनात्मकता की सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सुरक्षा के अंतर्गत बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग तथा भारतीय स्टेट बैंक के बीच एमओयू का आदान-प्रदान भी हुआ। मुख्यमंत्री की उपस्थिति में बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थसारथी सेन शर्मा और भारतीय स्टेट बैंक, लखनऊ सर्किल के सीजीएम दीपेश राज ने समझौता ज्ञापन का आदान-प्रदान किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने “मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा सुविधा योजना” के तहत 15 लाभार्थियों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड भी वितरित किए। इनमें बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षक, शिक्षामित्र, रसोइया तथा अन्य कर्मचारी शामिल रहे। पारिवारिक लाभ का संदेश देने के उद्देश्य से सहायक अध्यापक नरेंद्र कुमार मौर्य के परिवार के चार सदस्यों को भी प्रतीकात्मक रूप से चिकित्सा कार्ड प्रदान किए गए।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.