Drinking Water Crisis: चार महीने से नहरी पेयजल को तरसे पांच गांवों के ग्रामीण, मिठनपुरा नहर पुल पर अनिश्चितकालीन रात्रिकालीन धरना शुरू
Ellanabad/Mithanpura Drinking Water Crisis(एमपी भार्गव):सिरसा जिले के मिठनपुरा क्षेत्र में ढाणी शेरावाली भाखड़ा डिस्ट्रीब्यूटरी की टेल पर बसे पांच गांवों में पिछले चार महीनों से नहरी पेयजल की आपूर्ति नहीं पहुंचने से ग्रामीणों में भारी रोष है। पेयजल संकट से परेशान ग्रामीणों और युवाओं ने 23 नवंबर 2026 की रात मिठनपुरा नहर पुल पर अनिश्चितकालीन रात्रिकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
पांच गांवों में गहराया पेयजल संकट
ग्रामीण युवा किसान कुलदीप मुंदलिया, नोरंग भांभू, चमकौर सिंह, बलकरण सिंह, राकेश कसवां और रवि पवार सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि ढाणी शेरावाली भाखड़ा डिस्ट्रीब्यूटरी सिरसा के नहराणा हेड से निकलकर करीब 70 किलोमीटर का सफर तय करने के बाद टेल तक पहुंचती है। इस डिस्ट्रीब्यूटरी के पुनर्निर्माण का कार्य भी जारी है, लेकिन पिछले चार महीनों से खारी सुरेरा, मिठनपुरा, किशनपुरा, कर्मशाना और ढाणी शेरावाली के जलघरों तक नहरी पेयजल नहीं पहुंच रहा है।
खारे पानी से बुझानी पड़ रही प्यास, बीमारियों का खतरा
ग्रामीणों का कहना है कि गांवों के जलघरों में पंचायत और जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से लगाए गए बोरवेल का पानी खारा है। इसमें टीडीएस की मात्रा अधिक होने के कारण इसे पीने योग्य नहीं माना जा रहा। इसके बावजूद ग्रामीण पिछले चार महीनों से मजबूरी में इसी पानी का इस्तेमाल कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने आशंका जताई कि अधिक टीडीएस और दूषित पानी के सेवन से हैजा समेत अन्य जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। उनका कहना है कि सर्दी के मौसम में भी पेयजल की समस्या का समाधान नहीं होना प्रशासन और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।
नहरी पानी पहुंचने तक जारी रहेगा धरना
मिठनपुरा नहर पुल पर धरने पर बैठे ग्रामीणों और युवाओं ने नहरी विभाग तथा हरियाणा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सभी प्रभावित गांवों के जलघरों तक तत्काल नहरी पेयजल पहुंचाने की मांग की। उन्होंने कहा कि केवल आश्वासन से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने होंगे।
ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि जब तक पांचों गांवों के जलघरों में नहरी पानी नहीं पहुंचता, तब तक उनका अनिश्चितकालीन रात्रिकालीन धरना जारी रहेगा। उन्होंने प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर पेयजल संकट का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।

[…] […]