6.5 लाख की 33800 नशीली गोलियां व कैप्सूल घर से बरामद, मेडिकल संचालक काबू

ऐलनाबाद, 8 जुलाई (एम पी भार्गव): जिले में नशा तस्करों और मेडिकल नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए सीआईए ऐलनाबाद पुलिस तथा औषधि नियंत्रक विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने ऐलनाबाद थाना क्षेत्र के गांव प्रताप नगर स्थित एक मकान पर छापा मारकर करीब 6.5 लाख रुपये कीमत की 23,510 टेपेंटाडोल की नशीली गोलियां तथा 10,290 प्रेगाबालिन कैप्सूल बरामद किए हैं। मामले में गांव प्रताप नगर निवासी लवप्रीत सिंह पुत्र गुरबाज सिंह को काबू किया गया है।

पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी गांव संतनगर में मेडिकल स्टोर संचालित करता है और मेडिकल की आड़ में अपने घर से युवाओं को नशीली दवाइयों की सप्लाई करता है । सूचना के आधार पर सीआईए ऐलनाबाद और ड्रग इंस्पेक्टर की संयुक्त टीम ने उसके घर प्रताप नगर में दबिश देकर घर की तलाशी ली तो भारी मात्रा में नशीली गोलियां और कैप्सूल की खेप बरारमद हुई।

एसपी साहब ने बताया कि बरामद दवाइयों सहित आरोपी को आगामी कार्रवाई के लिए ड्रग इंस्पेक्टर के हवाले कर दिया गया है। मामले में संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है तथा यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी यह प्रतिबंधित दवाइयां कहां से लाता था और किन लोगों तक इनकी आपूर्ति करता था। एसपी दीपक सहारण ने कहा कि जिले में नशा तस्करों और अवैध रूप से नशीली दवाइयों का कारोबार करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा।

उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि आसपास कोई व्यक्ति प्रतिबंधित नशीली गोलियां बेचता है या कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा,”नशा रूपी जहर से युवाओं को हर हाल में बचाना है। आइए, हम सब मिलकर सिरसा को नशा मुक्त बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।”

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.