मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने साइक्लोथॉन में लिया हिस्सा, कहा – नशे के खिलाफ हरियाणा उठाएगा एकजुट कदम

  • रिपोर्ट: एम पी भार्गव

जींद (ऐलनाबाद): हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने आज जींद में आयोजित साइक्लोथॉन में भाग लेकर नशा विरोधी अभियान को मजबूती प्रदान की। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए नशा मुक्ति को मानवता का हित बताया और इसे आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई से भी जोड़ा।

“हरियाणा के लिए गौरव का दिन है” – मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा, “आज का दिन सिर्फ जींद के लिए नहीं, बल्कि पूरे हरियाणा के लिए गौरव का दिन है। हम सब यहां नशा के खिलाफ एक मजबूत और सामूहिक आवाज उठाने के लिए एकत्रित हुए हैं।”

उन्होंने कहा कि इस अभियान को और भी ताकत मिली है क्योंकि इसमें हरियाणा की खाप पंचायतों ने भी आकर अपना समर्थन दिया है। यह समर्थन सामाजिक परिवर्तन की दिशा में एक सकारात्मक संकेत है।

नशा विरोधी अभियान मानवता के हित में
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में नशीले पदार्थों के काले कारोबार को मानवता के लिए एक गंभीर खतरा बताया। उन्होंने कहा,

“नशा विरोधी यह अभियान सिर्फ सामाजिक सुधार नहीं है, बल्कि मानव हित में है। नशीले पदार्थों की तस्करी से जो काला धन आता है, वह आतंकवाद को भी पोषण देता है।”

आतंकवाद से भी जुड़ा है नशा – पहलगाम की घटना का उल्लेख
मुख्यमंत्री सैनी ने हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुई आतंकवादी घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत के 26 नागरिकों की हत्या करने वाले आतंकियों को आर्थिक सहयोग भी नशीले पदार्थों की तस्करी से ही मिला था।

“जब हम नशे के खिलाफ अभियान चलाते हैं, तो यह आतंकवाद पर भी एक रोक लगाने का काम करता है,” उन्होंने कहा।

हरियाणा को बनाएंगे नशा मुक्त – मुख्यमंत्री का संकल्प
मुख्यमंत्री ने दृढ़ विश्वास जताया कि जनता के सहयोग और युवाओं की भागीदारी से हरियाणा को नशा मुक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा,

“मुझे पूरा विश्वास है कि अब हरियाणा नशा मुक्त होकर रहेगा। यह एक जन आंदोलन है और इसमें हर नागरिक की भूमिका अहम है।”

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.