रामपुर में रिश्वतखोरी का आरोप, गेहूं कटवाने के नाम पर लेखपाल पर 10 हजार लेने का आरोप

रामपुर: जिले में एक किसान ने लेखपाल पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए जिला अधिकारी अजय कुमार द्विवेदी से लिखित शिकायत की है। किसान का आरोप है कि गेहूं की फसल कटवाने के नाम पर लेखपाल रेनू चंद्रा ने उससे 10 हजार रुपये की रिश्वत ली, लेकिन इसके बावजूद उसका काम नहीं किया गया।

शिकायत में किसान ने बताया कि लेखपाल ने जमीन से जुड़े कार्य के लिए पैसों की मांग की थी, जिसके चलते उसने नकद राशि दी। इसके बाद भी न तो उसकी फसल कटवाई गई और न ही समस्या का समाधान हुआ। किसान ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ दबंग लोग उसे डरा-धमका रहे हैं और उसकी फसल को नुकसान पहुंचाया गया।

किसान के अनुसार, 12 दिसंबर को लेखपाल खेत पर पहुंचीं और आश्वासन देती रहीं, लेकिन 20 तारीख तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। मामले में जमीन से जुड़ा विवाद भी सामने आया है, जिसमें हाईकोर्ट में स्टे होने की बात कही जा रही है और मामला वर्ष 2022 से लंबित है।

पीड़ित किसान का कहना है कि रिश्वत देने के बावजूद उसे न्याय नहीं मिला, जिससे वह काफी परेशान है। अब उसने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल, इस मामले में प्रशासन की ओर से जांच की बात कही जा रही है। अब देखना होगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और दोषी पाए जाने पर संबंधित लेखपाल के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.