मिशन शक्ति के तहत छात्रा बनी एक दिन की डीएम, कलेक्ट्रेट में सुनीं जन समस्याएं

रामपुर: जिले में मिशन शक्ति अभियान के तहत एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली, जहां 10वीं कक्षा की छात्रा श्री सिंह को एक दिन के लिए जिलाधिकारी बनाया गया। सेंड मेरी स्कूल की इस मेधावी छात्रा ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में बैठकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का आश्वासन दिया।

एक दिन की डीएम बनीं श्री सिंह ने विशेष रूप से ई-श्रम कार्ड से जुड़ी समस्याओं पर ध्यान दिया और बेसहारा एवं जरूरतमंद लोगों के कार्ड बनवाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश देने की बात कही।

इस दौरान उन्होंने कहा कि उन्हें गर्व है कि आज उन्हें रामपुर के डीएम की कुर्सी पर बैठने का अवसर मिला। उन्होंने बताया कि 10वीं कक्षा में 98 प्रतिशत अंक प्राप्त करने के बाद यह अवसर उनके लिए और भी खास है।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी भी मौजूद रहे। उन्होंने छात्र-छात्राओं को आगे बढ़ने और प्रशासनिक सेवा में आने के लिए प्रेरित किया।

यह पहल छात्राओं को सशक्त बनाने और उन्हें बड़े सपने देखने के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम मानी जा रही है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.