दरभंगा में कोसी नदी में पलटी किसानों से भरी नाव, किशोरी समेत तीन महिलाएं लापता

  • रिपोर्ट: सुरजीत सिंह

बिहार के दरभंगा जिले में बुधवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। कोसी नदी पार कर खेतों में मूंग की फसल काटने जा रहे किसानों से भरी एक नाव पलट गई, जिससे एक किशोरी समेत तीन महिलाएं लापता हो गईं। घटना के बाद राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) ने लापता लोगों की तलाश के लिए सघन खोज अभियान शुरू कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, हादसा जमालपुर थाना क्षेत्र के तरवारा घाट के पास रिंग बांध के निकट हुआ। नाव में करीब 10 किसान सवार थे, जिनमें अधिकांश महिलाएं थीं। सभी किसान नदी पार कर अपने खेतों की ओर जा रहे थे, तभी तेज बहाव के कारण नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नदी में पानी का बहाव काफी तेज था। अचानक नाव में पानी भरने लगा और कुछ ही देर में वह पलट गई। हादसे के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और सभी अपनी जान बचाने के लिए संघर्ष करने लगे।

मौके पर मौजूद एसडीआरएफ के जवान रविंद्र कुमार ने साहस दिखाते हुए सात लोगों को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया। हालांकि एक किशोरी समेत तीन महिलाएं तेज धारा में बह गईं, जिनका अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे पहुंच गए। प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। बिरौल के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) शशांक राज और एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी भी मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान की निगरानी की।

एसडीओ शशांक राज ने बताया कि सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम को मौके पर भेजा गया है। लापता महिलाओं की तलाश लगातार जारी है और मामले की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

गौरतलब है कि एक दिन पहले ही सहरसा जिले में भी कोसी नदी में करीब 20 किसानों को लेकर जा रही एक नाव पलट गई थी। हालांकि उस हादसे में सभी यात्रियों को स्थानीय ग्रामीणों ने सुरक्षित बचा लिया था। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में नदी परिवहन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.