पंजाब पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 24 घंटे के भीतर सांसद सुखजिंदर रंधावा के बेटे को धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार

अमृतसर। पंजाब पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सोशल मीडिया पर कांग्रेस सांसद सुखजिंदर रंधावा के बेटे को जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को मात्र 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी अमृतसर से की गई है।

सूत्रों के अनुसार आरोपी ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करते हुए रंधावा के बेटे को जान से मारने की धमकी दी थी, जिसके बाद पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने साइबर सेल की मदद से तकनीकी जांच शुरू की। जल्द ही आरोपी की पहचान कर ली गई और उसे अमृतसर से धर दबोचा गया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके मोबाइल फोन व सोशल मीडिया गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला राजनीतिक रंजिश या निजी दुश्मनी से जुड़ा हुआ प्रतीत होता है।

पंजाब सरकार ने इस कार्रवाई के माध्यम से यह स्पष्ट संदेश दिया है कि राज्य में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री भगवंत मान पहले ही कह चुके हैं कि सोशल मीडिया के माध्यम से नफरत फैलाने या किसी को धमकाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

गिरफ्तारी के बाद सांसद रंधावा ने पंजाब पुलिस का आभार जताते हुए कहा कि इस तरह की त्वरित कार्रवाई से आम लोगों का पुलिस पर भरोसा और मजबूत होगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.