रामपुर मंडी में अवैध वसूली, अवैध साइकिल-बाइक स्टैंड और टीनशेड के खिलाफ भारतीय किसान संघ का प्रदर्शन, एसडीएम ने दिए जांच के निर्देश

रामपुर। मंडी समिति रामपुर में किसानों से कथित अवैध वसूली, अवैध रूप से संचालित साइकिल एवं बाइक स्टैंड तथा नियमों के विपरीत लगाए गए टीनशेडों के विरोध में भारतीय किसान संघ ने जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन के जिलाध्यक्ष वीरेश शर्मा के नेतृत्व में किसान नेताओं ने मंडी परिसर पहुंचकर किसानों की समस्याओं को उठाया और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
भारतीय किसान संघ का आरोप है कि मंडी समिति में कुछ लोगों द्वारा किसानों के वाहनों से अवैध वसूली की जा रही है। इसके अलावा मंडी परिसर में अवैध रूप से साइकिल एवं बाइक स्टैंड संचालित कर किसानों से धनराशि वसूली जा रही है। साथ ही कुछ दबंगों द्वारा अवैध रूप से टीनशेड डालकर मंडी परिसर में कब्जा कर दुकानें संचालित किए जाने की शिकायत भी संगठन द्वारा उठाई गई।
प्रदर्शन की सूचना पर उपजिलाधिकारी सदर गौरव कुमार तत्काल मौके पर पहुंचे और पूरे मामले का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। एसडीएम ने किसानों को आश्वस्त किया कि मंडी में किसी भी प्रकार की अवैध वसूली नहीं होने दी जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान लगाए गए टीनशेडों और संचालित दुकानों के संबंध में एसडीएम ने संबंधित लोगों को दोपहर 2 बजे तक वैध अभिलेख प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा तक कागजात प्रस्तुत न करने पर अवैध टीनशेड और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
जिलाध्यक्ष वीरेश शर्मा ने कहा कि भारतीय किसान संघ किसानों के हक और अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और किसानों के साथ किसी भी प्रकार का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मंडी परिसर में व्याप्त अव्यवस्थाओं को समाप्त कर किसानों को राहत दिलाने की मांग की। प्रदर्शन में भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष वीरेश शर्मा के नेतृत्व में जिला प्रचार प्रमुख सर्वेश कुमार, सैदनगर खंड अध्यक्ष चंद्रपाल मौर्य, मिंटू तिवारी, सचिन शर्मा, संदीप शर्मा, टीटू पांडेय, अमन श्रीवास्तव, अनिल गंगवार, रूप प्रकाश, चेतराम मौर्य एवं वेदप्रकाश पासी सहित अनेक किसान उपस्थित रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.