जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में जनपद में संचालित चकबंदी कार्यों एवं लंबित वादों की अद्यतन समीक्षा बैठक

  • रिपोर्ट- कपिल सिंह

बाराबंकी। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में जनपद में संचालित चकबंदी कार्यों एवं लंबित वादों की अद्यतन समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट परिसर स्थित लोकसभागार में आयोजित की गई। बैठक में चकबंदी से संबंधित प्रकरणों की प्रगति, लंबित मुकदमों के निस्तारण तथा विभिन्न ग्रामों में संचालित चकबंदी प्रक्रिया की स्थिति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने प्रत्येक पीठासीन अधिकारीवार लंबित वादों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि 3 से 5 वर्ष तथा 5 से 10 वर्ष तक लंबित मुकदमों की नियमित एवं साप्ताहिक सुनवाई सुनिश्चित की जाए तथा गुण-दोष के आधार पर उनका शीघ्र निस्तारण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्थिति में पुराने वाद अनावश्यक रूप से लंबित न रहें तथा न्यायिक प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं होगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि चकबंदी से जुड़े मामलों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कास्तकारों को त्वरित न्याय उपलब्ध कराने के साथ-साथ प्रशासन के प्रति जनविश्वास को भी सुदृढ़ करेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नियम-109 के अंतर्गत पारित आदेशों के परवानों की अमलदरामद खतौनियों में समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जाए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।

इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने चकबंदी प्रक्रिया से आच्छादित ग्रामों की धारावार प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप पूर्ण कराए जाएं तथा नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से कार्यों की प्रगति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि जिन ग्रामों में चकबंदी प्रक्रिया का विरोध हो रहा है, उन ग्रामों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर शासन को प्रेषित की जाए, ताकि आवश्यक स्तर पर प्रभावी निर्णय लिया जा सके।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.