एटा:- जनपद में आंगनबाड़ी सहायिकाओं की भर्ती प्रक्रिया को लेकर समाचार पत्रों व सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही भ्रामक खबरों पर जिला कार्यक्रम अधिकारी ने स्पष्ट बयान जारी करते हुए उन्हें पूरी तरह निराधार बताया है। विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि भर्ती प्रक्रिया शासनादेश एवं चयन समिति के निर्धारित मानकों के अनुसार पूर्ण पारदर्शिता के साथ संचालित की जा रही है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि आंगनबाड़ी सहायिकाओं की भर्ती शासनादेश संख्या-2025/3313/58-1-2025(1917687) दिनांक 17 सितम्बर 2025 के अंतर्गत ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से की जा रही है। चयन प्रक्रिया पूरी तरह अभ्यर्थियों द्वारा पोर्टल पर दर्ज की गई जानकारी के आधार पर संपन्न की गई है।
विभाग ने स्पष्ट किया कि चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन लगातार जारी है। यदि जांच में किसी भी अभ्यर्थी द्वारा गलत जानकारी, फर्जी दस्तावेज, संबंधित ग्राम पंचायत का निवासी न होना अथवा कार्य करने की इच्छुक न होने जैसी स्थिति सामने आती है तो ऐसे अभ्यर्थियों का चयन तत्काल निरस्त कर दिया जाएगा तथा नियमानुसार द्वितीय वरीयता वाले पात्र अभ्यर्थियों को अवसर दिया जाएगा।
प्रेस विज्ञप्ति में यह भी कहा गया कि कुछ समाचार पत्रों में 85 आंगनबाड़ी सहायिकाओं के चयन पर प्रश्नचिह्न लगाए जाने संबंधी खबरें प्रकाशित की गईं, जो तथ्यहीन एवं भ्रामक हैं। विभाग के अनुसार चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखते हुए प्रत्येक शिकायत एवं आपत्ति की गंभीरता से जांच की जा रही है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने कहा कि कुछ लोगों द्वारा विभाग की कार्यवाही को बदनाम करने के उद्देश्य से सनसनीखेज खबरें प्रकाशित कराई जा रही हैं, जिनका वास्तविक तथ्यों से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष एवं पारदर्शी है तथा किसी भी पात्र अभ्यर्थी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
