लोकसभा चुनाव के नतीजों से पहले महंगा हुआ अमूल दूध

अहमदाबाद। गुजरात सहकारी दुग्ध विपणन महासंघ (जीसीएमएमएफ) ने कहा कि दूध के उत्पादन और परिचालन की कुल लागत में वृद्धि के मद्देनजर सोमवार से अमूल दूध के सभी प्रकारों की कीमत में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। इसके साथ ही देश भर के सभी बाजारों में अमूल दूध की थैली की कीमत 2 रुपये प्रति लीटर बढ़ जाएगी।

जीसीएमएमएफ के एमडी जयन मेहता ने कहा कि 3 जून से अमूल दूध के सभी प्रकारों की कीमत में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। जीसीएमएमएफ ‘अमूल’ ब्रांड के तहत दूध और डेयरी उत्पादों का विपणन करता है। पिछली बार जीसीएमएमएफ ने फरवरी 2023 में दूध की कीमत बढ़ाई थी।

मेहता ने कहा कि किसानों को उनकी बढ़ी हुई उत्पादन लागत की भरपाई के लिए यह बढ़ोतरी जरूरी है। ताजा बढ़ोतरी के साथ, 500 मिली अमूल भैंस दूध, 500 मिली अमूल गोल्ड दूध और 500 मिली अमूल शक्ति दूध जैसे प्रकारों के लिए संशोधित दूध की कीमतें क्रमशः 36 रुपये, 33 रुपये और 30 रुपये हो गई हैं।

जीसीएमएमएफ ने एक बयान में कहा, “2 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि का मतलब एमआरपी में 3-4 प्रतिशत की वृद्धि है, जो औसत खाद्य मुद्रास्फीति से काफी कम है। यह ध्यान देने योग्य है कि फरवरी 2023 से, अमूल ने प्रमुख बाजारों में ताजा पाउच दूध की कीमतों में कोई वृद्धि नहीं की है।” इसने कहा कि परिचालन और दूध के उत्पादन की कुल लागत में वृद्धि के कारण यह मूल्य वृद्धि की जा रही है।

जीसीएमएमएफ के अनुसार, अमूल एक नीति के रूप में दूध और दूध उत्पादों के लिए उपभोक्ताओं द्वारा भुगतान किए गए प्रत्येक रुपये का लगभग 80 पैसा दूध उत्पादकों को देता है। इसने कहा, “मूल्य संशोधन हमारे दूध उत्पादकों को लाभकारी दूध की कीमतें बनाए रखने और उन्हें अधिक दूध उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करने में मदद करेगा।”

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.