Amritsar Police Encounter Keshav Shivala Gang: अमृतसर में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, केशव शिवाला गैंग के तीन शूटर गोली लगने से घायल
पुलिस ने चार बदमाशों को पकड़ा, 5 विदेशी पिस्टल और 20 जिंदा कारतूस बरामद
Amritsar Police Encounter Keshav Shivala Gang: पंजाब के अमृतसर में पुलिस को उस समय एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी जब उसने एक सटीक इनपुट के आधार पर कुख्यात केशव शिवाला गैंग के सक्रिय शूटरों को घेरकर दबोच लिया। इस दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच आमने-सामने फायरिंग हुई, जिसमें तीन बदमाश पैरों में गोली लगने से घायल हो गए। मुठभेड़ और पूरे ऑपरेशन की जानकारी देते हुए अमृतसर के पुलिस कमिश्नर हरमनवीर सिंह गिल ने बताया कि पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए किसी बड़ी आपराधिक वारदात और टारगेट किलिंग की साजिश को समय रहते विफल कर दिया है।
पुलिस कमिश्नर हरमनवीर सिंह गिल के अनुसार, पूरे मामले की शुरुआत एक गुप्त सूचना से हुई। पुख्ता सूचना के आधार पर छेहरटा थाने के एसएचओ बलविंदर सिंह ने इलाके में नाकेबंदी की थी। नाकेबंदी के दौरान टीम ने सबसे पहले विशाल नामक बदमाश को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से .30 बोर की एक ग्लॉक पिस्टल बरामद की गई।

विशाल को हिरासत में लेकर जब गहन पूछताछ की गई, तो उसने खुलासा किया कि उसके अन्य साथी थांदा रोड के पास झाड़ियों और जंगलनुमा इलाके में छिपे हुए हैं और वे किसी बड़ी टारगेट किलिंग को अंजाम देने के मकसद से उसके इशारे का इंतजार कर रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस की विभिन्न टीमों ने मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी कर ली।
पुलिस द्वारा पीए (लाउडस्पीकर) सिस्टम के जरिए बदमाशों से बार-बार सरेंडर करने की अपील की गई। लेकिन पुलिस की चेतावनी को अनसुना करते हुए बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस पार्टी ने भी जवाबी कार्रवाई (रिटेलिएशन) की। दोनों ओर से हुई गोलीबारी में चार में से तीन बदमाशों की टांगों में गोलियां लगीं, जिसके बाद पुलिस ने चारों को काबू कर लिया।
घायल बदमाशों को तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। घायल बदमाशों की पहचान छिंदा पहलवान (निवासी फिरोजपुर), शिवम उर्फ शिवा (निवासी फरीदकोट) और लवकेश (निवासी अमृतसर) के रूप में हुई है। वहीं चौथे साथी राजविंदर (निवासी अमृतसर) को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से कुल 5 पिस्टल (जिसमें 2 ग्लॉक और 3 बेरेटा शामिल हैं) तथा 20 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
कमिश्नर गिल ने बताया कि यह पूरा ऑपरेशन डीसीपी इन्वेस्टिगेशन प्रभजोत सिंह, डीसीपी सिटी तेजा साहब और एडीसीपी सिटी-2 श्री के सुपरविजन में चलाया गया। इसके अलावा फिरोजपुर और फरीदकोट समेत पड़ोसी जिलों में हथियारों की सप्लाई चेन और अन्य ठिकानों पर छापेमारी के लिए डीएसपी रैंक के दो गस्टेड अधिकारियों के नेतृत्व में टीमें भेजी गई हैं।
पुलिस कमिश्नर ने पंजाब के युवाओं को आगाह करते हुए कहा कि विदेश में बैठे गैंगस्टर छोटे-छोटे लालच और पैसों का झांसा देकर स्थानीय युवाओं को मोहरे की तरह इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में अपील की कि भटके हुए युवक मुख्यधारा में लौटें और सरेंडर करें; पुलिस उनके प्रति नरम रुख रखेगी। साथ ही चेतावनी दी कि कानून हाथ में लेने वाले अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ जारी है ताकि उनके पूरे नेटवर्क और पिछली वारदातों का खुलासा हो सके।
