अमृतसर में जमीन विवाद को लेकर अंधाधुंध फायरिंग, एक की मौत और दूसरा घायल; हिस्ट्रीशीटर पत्नी-बेटे समेत गिरफ्तार
Amritsar Land Dispute Firing News: पंजाब के अमृतसर देहाती क्षेत्र के थाना ब्यास अंतर्गत गांव गाजीवाल में जमीन विवाद को लेकर खूनी संघर्ष हो गया। खेत में ट्रैक्टर से जमीन जोत रहे लोगों पर एक हिस्ट्रीशीटर ने अपने परिवार के साथ मिलकर कथित तौर पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी युद्धवीर उर्फ योद्धा, उसकी पत्नी जसकिरण कौर और करीब 16 वर्षीय बेटे अभिनूर सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चार अवैध हथियार और 26 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
खेत में काम कर रहे लोगों पर बरसाईं गोलियां
एसएसपी अमृतसर देहाती कंवलप्रीत सिंह चाहल के मुताबिक, वारदात गांव गाजीवाल में दोपहर करीब 1:30 बजे हुई। मनजीत सिंह और दविंदर सिंह अपनी करीब ढाई से तीन किले जमीन पर ट्रैक्टर से जुताई कर रहे थे। इसी दौरान उनके रिश्तेदार युद्धवीर उर्फ योद्धा अपनी पत्नी जसकिरण कौर और बेटे अभिनूर सिंह के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि इसके बाद तीनों ने मिलकर उन पर गोलियां चला दीं।
अस्पताल ले जाते समय मनजीत सिंह की मौत
अचानक हुई फायरिंग में मनजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। वहीं दविंदर सिंह पुत्र वसन सिंह निवासी लंगड़वाल भी गोली लगने से घायल हो गए। एसएसपी के अनुसार, घायल दविंदर सिंह का अस्पताल में उपचार चल रहा है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर है।
MLC चुनाव के बाद यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 15 वरिष्ठ IAS अधिकारियों के तबादले
जमीन के कागजात पीड़ित पक्ष के पक्ष में मिले
एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चाहल ने बताया कि विवादित ढाई से तीन किले जमीन पीड़ित पक्ष ने कानूनी प्रक्रिया के तहत खरीदी थी। राजस्व और अन्य दस्तावेजों की जांच में जमीन पर पीड़ित पक्ष का अधिकार सही पाया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी रिश्तेदारी का हवाला देकर जमीन पर जबरन अपना दावा कर रहा था।
मुख्य आरोपी पर पहले से दर्ज हैं 8 से 9 आपराधिक मामले
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी युद्धवीर उर्फ योद्धा हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत 8 से 9 गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। वह पुलिस को वांछित भी था। एसएसपी ने बताया कि वारदात में आरोपी की पत्नी जसकिरण कौर की भी भूमिका सामने आई है। उस पर हथियार और असलहा उपलब्ध कराने में सक्रिय सहयोग का आरोप है।
चार अवैध हथियार और 26 कारतूस बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक ग्लॉक पिस्टल, दो 30 बोर पिस्टल और एक 12 बोर बंदूक बरामद की है। इसके अलावा पिस्तौलों के 16 जिंदा कारतूस और 12 बोर के 10 जिंदा कारतूस भी मिले हैं। कुल चार हथियार और 26 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसएसपी ने कहा कि मामले में यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

[…] […]