अमृतसर में काउंटर इंटेलिजेंस की बड़ी सफलता, 30 से 35 किलोग्राम हेरोइन और हथियारों समेत 4 युवक गिरफ्तार
अमृतसर से इस समय की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर की ओर से नशा तस्करी और अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमृतसर-लाहौर अंतरराष्ट्रीय सड़क मार्ग पर कार्रवाई करते हुए काउंटर इंटेलिजेंस की टीम ने चार युवकों को गिरफ्तार किया है।
सूत्रों के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से करीब 30 से 35 किलोग्राम हेरोइन बरामद होने की जानकारी सामने आई है। इसके साथ ही बड़ी मात्रा में अवैध हथियार भी बरामद किए जाने की बात कही जा रही है। हालांकि, बरामद हथियारों की किस्म और संख्या के संबंध में आधिकारिक जानकारी अभी सामने आना बाकी है।
बताया जा रहा है कि काउंटर इंटेलिजेंस की ओर से पिछले कुछ समय से सीमावर्ती इलाकों में नशा तस्करी और अवैध हथियारों की खेप के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में आज की कार्रवाई को भी एक बड़ी सफलता के तौर पर देखा जा रहा है।
फिलहाल चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की आगे की जांच की जा रही है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि बरामद हेरोइन और हथियार कहां से लाए गए थे तथा इस पूरे नेटवर्क के पीछे कौन-कौन से लोग या गिरोह सक्रिय हैं।
