अमृतसर। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (Airports Authority of India) के अंतर्गत अमृतसर एयरपोर्ट पर अंबेडकर जयंती के अवसर पर आयोजित एक सप्ताह का स्पोर्ट्स वीक सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। यह आयोजन 14 अप्रैल 2026 से शुरू हुआ था, जिसमें विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं ने प्रतिभागियों में खासा उत्साह भर दिया।
स्पोर्ट्स वीक के दौरान वॉलीबॉल, बैडमिंटन, 100 मीटर दौड़, थ्री-लेग रेस, रस्साकशी और लेमन एंड स्पून रेस जैसी प्रतियोगिताएं सभी आयु वर्गों के लिए आयोजित की गईं। इन मुकाबलों में एयरफोर्स और CISF की टीमों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के तहत 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें एयरपोर्ट डायरेक्टर भूपेंद्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बाद सभी अतिथियों के लिए रात्रि भोज का भी आयोजन किया गया।
समापन अवसर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में एयरपोर्ट डायरेक्टर ने डॉ. अंबेडकर के जीवन, संघर्ष और उनके सामाजिक योगदानों को याद करते हुए प्रेरणादायक विचार साझा किए।
पूरे सप्ताह चला यह आयोजन आपसी एकता, उत्साह और सहभागिता का प्रतीक बनकर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
