6 जुलाई को जिला सेवायोजन कार्यालय में लगेगा रोजगार मेला, युवाओं को मिलेगा निजी क्षेत्र में नौकरी पाने का अवसर
- रिपोर्ट: शाहबाज़ खान
रामपुर, उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन योजना के अंतर्गत जनपद के बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सेवायोजन विभाग द्वारा 6 जुलाई 2026 को प्रातः 10:00 बजे से जिला सेवायोजन कार्यालय, रामपुर परिसर में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा।
प्रभारी जिला सेवायोजन अधिकारी जमीर हुसैन खां ने बताया कि रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की चैकमेट इंडस्ट्रीयल गार्ड्स प्रा. लि., पुखराज हेल्थ केयर प्रा. लि. एवं एम्प्लॉयमेंट एकेडमी प्रा. लि. सहित विभिन्न कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। रोजगार के इच्छुक अभ्यर्थी अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचकर रोजगार के अवसरों का लाभ उठाएं। अभ्यर्थियों का चयन साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी साक्षात्कार के दौरान बायोडाटा,फोटो तथा समस्त शैक्षिक प्रमाण-पत्रों की छायाप्रति अपने साथ अवश्य लेकर आएं।
उन्होंने यह भी बताया कि रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के लिए रोजगार संगम पोर्टल पर अभ्यर्थी का पंजीकरण होना अनिवार्य है। इच्छुक अभ्यर्थी अपनी शैक्षिक योग्यता के अनुरूप पोर्टल पर पंजीकरण कराकर मेले में प्रतिभाग करने वाली किसी भी कंपनी के लिए आवेदन कर सकते हैं।
प्रभारी जिला सेवायोजन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि रोजगार मेला पूर्णतः निःशुल्क है। यदि कोई भी कंपनी कॉल अथवा एसएमएस के माध्यम से किसी प्रकार की फीस या धनराशि की मांग करती है तो अभ्यर्थी किसी भी प्रकार का भुगतान न करें। उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में प्रतिभाग करने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।
