Elephant Raja Rescue: नन्हे हाथी ‘राजा’ को बचाने के लिए अनंत अंबानी ने भेजा विशेष विमान, जन्म के पहले दिन टूट गया था पैर
Anant Ambani Elephant Raja Rescue: जिंदगी की शुरुआत के साथ ही दर्द से जूझ रहे सात सप्ताह के नन्हे हाथी ‘राजा’ को बचाने के लिए उद्योगपति अनंत अंबानी ने विशेष पहल की है। गंभीर रूप से घायल राजा को असम से गुजरात के जामनगर स्थित वनतारा लाने के लिए विशेष विमान भेजा गया है। जन्म के पहले ही दिन उसका पिछला पैर टूट गया था। तब से वह लगातार स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहा है।
Elephant Raja Rescue: जन्म के पहले दिन ही टूट गया था राजा का पैर
असम में 2 अक्टूबर को जन्मे नन्हे हाथी राजा की जिंदगी की शुरुआत बेहद दर्दनाक रही। जन्म के पहले ही दिन मां की घबराहट में लगी लात से उसके पिछले पैर की हड्डी टूट गई। चोट के कारण वह सामान्य रूप से चलने-फिरने में असमर्थ है। इतना ही नहीं, उसे मां का दूध भी नहीं मिल पाया।
पिछले सात सप्ताह से वनतारा के डॉक्टर उसकी देखभाल कर रहे हैं। पैर में फ्रैक्चर के साथ संक्रमण और शारीरिक कमजोरी ने उसकी हालत को और चुनौतीपूर्ण बना दिया है।
Elephant Raja Rescue: 2500 किलोमीटर का सड़क सफर छोड़ विमान से होगा रेस्क्यू
राजा को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए अनंत अंबानी की पहल पर उसे असम से गुजरात के जामनगर स्थित वनतारा पहुंचाया जा रहा है। असम से जामनगर तक 2,500 किलोमीटर से अधिक का सड़क सफर नन्हे हाथी के लिए जोखिम भरा हो सकता था। इसी को देखते हुए करीब चार घंटे की हवाई यात्रा का इंतजाम किया गया है।
विशेष विमान में राजा के आराम के लिए खास बिस्तर तैयार किया गया है। उसके घायल पैर को सहारा देने की भी व्यवस्था की गई है, ताकि यात्रा के दौरान चोट पर अतिरिक्त दबाव न पड़े।
Elephant Raja Rescue: डॉक्टरों की टीम करेगी राजा की देखभाल
हवाई सफर के दौरान डॉक्टरों और देखभाल करने वालों की विशेष टीम राजा के साथ रहेगी। जामनगर स्थित वनतारा पहुंचने के बाद उसे विशेष अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा, जहां विशेषज्ञ डॉक्टर उसकी स्थिति के अनुसार उपचार करेंगे।
वनतारा के सीईओ विवान करानी ने बताया कि राजा पिछले सात सप्ताह से गंभीर चोट और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहा है। अनंत अंबानी के सहयोग से उसे जल्द से जल्द वनतारा लाया जा रहा है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टर उसकी देखभाल और इलाज करेंगे।
उन्होंने कहा कि पूरी टीम की कोशिश है कि राजा स्वस्थ हो जाए और दोबारा अपने पैरों पर खड़ा होकर चल सके।
