Kisan Diwas: रामपुर किसान दिवस में उठीं सड़क, नहर और धान खरीद की समस्याएं, सीडीओ ने अधिकारियों को दिए निस्तारण के निर्देश
Rampur Kisan Diwas: विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चंद्र की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। बैठक में किसानों ने सड़क की खराब स्थिति, नहर बंद होने और धान खरीद केंद्रों पर तौल नहीं होने जैसी समस्याएं उठाईं। सीडीओ ने किसानों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
Kisan Diwas: पिछले किसान दिवस की शिकायतों पर हुई कार्रवाई की समीक्षा
बैठक की शुरुआत पिछले माह आयोजित किसान दिवस में किसानों द्वारा उठाई गई समस्याओं और शिकायतों की समीक्षा से हुई। संबंधित विभागों की ओर से अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी भी किसानों को पढ़कर सुनाई गई। सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
Kisan Diwas: रामपुर में यूरिया, डीएपी और एनपीके का पर्याप्त भंडार
बैठक में जिला कृषि अधिकारी ने जनपद में उर्वरकों की उपलब्धता की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिले में 22,584 मीट्रिक टन यूरिया, 3,635 मीट्रिक टन डीएपी और 7,435 मीट्रिक टन एनपीके उपलब्ध है।
उन्होंने कहा कि किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में उर्वरकों की व्यवस्था की गई है। किसानों से अपील की गई कि वे अपनी जरूरत के अनुसार ही खाद खरीदें और अनावश्यक भंडारण न करें।
Kisan Diwas: चार किलोमीटर सड़क क्षतिग्रस्त, गन्ना ढुलाई में परेशानी
भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह गंगवार ने ग्राम रुस्तमपुर, गुलामगंज से तहसील मिलक मार्ग तक करीब चार किलोमीटर सड़क क्षतिग्रस्त होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि सड़क खराब होने से किसानों को गन्ने की ढुलाई में परेशानी हो रही है। साथ ही संबंधित गन्ना क्रय केंद्र भी बंद है।
उन्होंने ग्राम गदईया से ग्राम चंदपुरा जाने वाली बिलासपुर से आने वाली नहर बंद होने की समस्या भी उठाई और इसे तत्काल खुलवाने की मांग की।
Kisan Diwas: धान क्रय केंद्रों पर तौल नहीं होने की शिकायत
ग्राम किरा निवासी किसान सुरेंद्र कुमार ने धान खरीद केंद्रों पर किसानों की उपज की तौल नहीं होने का मामला उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों के बजाय बिचौलियों के माध्यम से धान की खरीद की जा रही है।
उन्होंने सभी धान क्रय केंद्रों पर किसानों के धान की तौल जल्द शुरू कराने की मांग की, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में परेशानी का सामना न करना पड़े।
Kisan Diwas: सीडीओ ने समयबद्ध समाधान के दिए निर्देश
मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चंद्र ने किसानों द्वारा उठाई गई सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।
सीडीओ ने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। किसानों को राहत पहुंचाने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
