CM Dashboard: विकास कार्यों में धीमी प्रगति पर सीडीओ ने अधिकारियों को लगाई फटकार, डाटा फीडिंग समय से करने के निर्देश
Rampur CM Dashboard Review Meeting: विकास कार्यों और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति को लेकर मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चन्द्र ने विकास भवन सभागार में सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक की। बैठक में कुछ विभागों की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं मिलने और योजनाओं से संबंधित डाटा फीडिंग लंबित होने पर सीडीओ ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
CM Dashboard: लंबित डाटा फीडिंग तत्काल पूरी कराने के निर्देश
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी अपनी योजनाओं की नियमित निगरानी करें और सीएम डैशबोर्ड पर प्रगति में अपेक्षित सुधार सुनिश्चित करें। उन्होंने लंबित डाटा फीडिंग को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने तथा पोर्टल पर योजनाओं से संबंधित सही और अद्यतन जानकारी समय से अपलोड करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित विभागीय रैंकिंग और प्रदर्शन संकेतक शासन की प्राथमिकताओं को दर्शाते हैं। जिन विभागों की प्रगति संतोषजनक नहीं है, वे तत्काल कार्ययोजना तैयार कर सुधार लाएं। डाटा फीडिंग में लापरवाही या अनावश्यक देरी होने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
CM Dashboard: जननी सुरक्षा से लेकर ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा
बैठक में जननी सुरक्षा योजना, सड़कों के निर्माण एवं अनुरक्षण, ओडीओपी टूलकिट एवं वित्त पोषण योजना, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, पोषण अभियान, मुख्यमंत्री आवास योजना और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो निर्माण कार्य पूरे हो चुके हैं, उन्हें शीघ्र संबंधित विभागों को हस्तांतरित कराया जाए, ताकि उनका उपयोग शुरू हो सके।
CM Dashboard: पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर
मुख्य विकास अधिकारी ने कन्या विवाह सहायता योजना, मातृत्व शिशु एवं बालिका योजना, प्रधानमंत्री मालधन योजना, रानी लक्ष्मीबाई कोष योजना और शादी अनुदान योजना की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं के पात्र लाभार्थियों का चिन्हांकन कर उन्हें जल्द से जल्द लाभ दिलाया जाए।
CM Dashboard: विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी
सीडीओ गुलाब चन्द्र ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी एवं विकासपरक योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। साथ ही सभी विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित समय सीमा में पूरा कराया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और शासन की प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं बरती जानी चाहिए।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. दीपा सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन पुष्पेंद्र पटेल, डीआरडीए के हरिश्चन्द्र प्रजापति सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
