Akal Takht: श्री अकाल तख्त साहिब की कमेटी से बातचीत के लिए अमृतसर पहुंची पंजाब सरकार की 7 सदस्यीय टीम, कानून में नहीं बदलेगा मूल प्रावधान
Sri Akal Takht Sahib: श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से गठित कमेटी के साथ चर्चा करने के लिए पंजाब सरकार की सात सदस्यीय विशेष कमेटी अमृतसर पहुंची। इस दौरान पंजाब के एडवोकेट जनरल मनिंदरजीत सिंह बेदी ने कहा कि नए कानून का मूल ढांचा और इसका उद्देश्य बरकरार रहेगा। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। हालांकि, कानून के कुछ शब्दों और प्रावधानों को लेकर श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से जताई गई आपत्तियों का सकारात्मक समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
Akal Takht: कानून के मूल उद्देश्य में नहीं होगा बदलाव
मीडिया से बातचीत में एडवोकेट जनरल मनिंदरजीत सिंह बेदी ने बताया कि पिछले कई दिनों से संबंधित पक्षों के साथ लगातार बातचीत और तालमेल किया जा रहा था। सभी को जानकारी दी गई थी कि पंजाब सरकार की सात सदस्यीय कमेटी बैठक के लिए अमृतसर पहुंचेगी।
नए कानून में संशोधन को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि कानून का मुख्य उद्देश्य दोषियों को सजा दिलाना है। इस मूल उद्देश्य में किसी तरह का बदलाव नहीं होगा और न ही किसी दोषी को बख्शा जाएगा।
Akal Takht: ‘कस्टोडियन’ शब्द पर उठी आपत्तियों का निकलेगा समाधान
मनिंदरजीत सिंह बेदी ने कहा कि श्री अकाल तख्त साहिब और अन्य संबंधित पक्षों की ओर से कानून के कुछ शब्दों और प्रावधानों पर आपत्तियां जताई गई हैं। सरकार इन सभी सुझावों का सम्मान करती है।
उन्होंने विशेष रूप से ‘कस्टोडियन’ (Custodian) शब्द से जुड़े मुद्दे का उल्लेख करते हुए कहा कि इस विषय पर सामने आई आपत्तियों को सुनकर सकारात्मक और रचनात्मक समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
Akal Takht: बैठक में शामिल हुए कई प्रमुख प्रतिनिधि
सात सदस्यीय कमेटी की बैठक में न्यायाधीशों, पूर्व जत्थेदार ज्ञानी रघुबीर सिंह, रामपुर खेड़ा से संत समाज के बाबा भूपिंदर सिंह और एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी सहित अन्य प्रमुख सदस्यों के शामिल होने की जानकारी दी गई।
Akal Takht: SGPC प्रतिनिधियों से बैठक में शामिल होने की अपील
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के प्रतिनिधियों के बैठक में शामिल नहीं होने को लेकर पूछे गए सवाल पर एडवोकेट जनरल ने कहा कि इसे किसी तरह का टकराव नहीं माना जाना चाहिए। उनकी ओर से SGPC प्रतिनिधियों को चर्चा में शामिल होने के लिए विनम्र अनुरोध किया गया है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि SGPC के प्रतिनिधि भी बैठक में पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि यदि कोई पक्ष बैठक में शामिल नहीं होता है, तब भी चर्चा बेनतीजा नहीं रहेगी। बैठक में सामने आने वाले सकारात्मक सुझावों को एजेंडे में शामिल कर उन पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।
