Dr Sachchidanand Sinha: डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा को मरणोपरांत भारत रत्न देने की मांग, जीकेसी अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद ने केंद्र सरकार से किया आग्रह

Dr Sachchidanand Sinha Bharat Ratna Bihar: बिहार के निर्माता, संविधान सभा के अंतरिम अध्यक्ष और प्रख्यात शिक्षाविद् डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा को मरणोपरांत भारत रत्न देने की मांग उठी है। ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस (जीकेसी) के ग्लोबल अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद ने केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि राष्ट्र निर्माण, भारतीय लोकतांत्रिक व्यवस्था की स्थापना, शिक्षा, पत्रकारिता और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में उनके ऐतिहासिक योगदान को देखते हुए उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया जाए।

राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा ऐसे दूरदर्शी व्यक्तित्व थे, जिन्होंने अपनी विद्वता, विचारों और राष्ट्र के प्रति समर्पण से भारत की राजनीतिक एवं संवैधानिक यात्रा को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका योगदान केवल बिहार तक सीमित नहीं था, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी उनका विशिष्ट स्थान रहा है।

Pandit Shyam Narayan Mishra: पं. श्याम नारायण मिश्र ‘श्याम’ की प्रथम पुण्यतिथि पर संगोष्ठी और कवि सम्मेलन, साहित्यकारों ने दी श्रद्धांजलि

Dr Sachchidanand Sinha: बिहार को अलग राज्य बनाने में निभाई महत्वपूर्ण भूमिका

जीकेसी अध्यक्ष ने कहा कि डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा बिहार को अलग प्रांत का दर्जा दिलाने के प्रयासों में प्रमुख भूमिका निभाने वाले व्यक्तित्वों में शामिल थे। उन्होंने बिहार के लिए अलग प्रांत की मांग को मजबूती देने और इसके समर्थन में जनमत तैयार करने के लिए उल्लेखनीय कार्य किया।

वे प्रख्यात अधिवक्ता, पत्रकार, शिक्षाविद् और स्वतंत्रता सेनानी थे। अपने लेखन और सार्वजनिक गतिविधियों के माध्यम से उन्होंने राष्ट्रीय चेतना, सामाजिक सुधार और आधुनिक शिक्षा के प्रसार को बढ़ावा दिया।

Dr Sachchidanand Sinha: संविधान सभा के अंतरिम अध्यक्ष के रूप में निभाई ऐतिहासिक जिम्मेदारी

राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा ने भारतीय संविधान निर्माण की प्रक्रिया के शुरुआती चरण में संविधान सभा के अंतरिम अध्यक्ष के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई थी। 9 दिसंबर 1946 को संविधान सभा की पहली बैठक की अध्यक्षता उन्होंने की थी। यह भारतीय लोकतांत्रिक इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय है।

उन्होंने कहा कि देश की संवैधानिक व्यवस्था की नींव रखने वाले ऐसे व्यक्तित्वों को उचित राष्ट्रीय सम्मान मिलना चाहिए। डॉ. सिन्हा ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में शिक्षा, विधि, पत्रकारिता और सार्वजनिक जीवन के माध्यम से अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। उनके विचार आज भी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

Dr Sachchidanand Sinha: सिन्हा लाइब्रेरी के लिए दान की थी जमीन और भवन

जीकेसी अध्यक्ष ने डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा के शिक्षा के प्रति समर्पण का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने पटना में ज्ञान और बौद्धिक विकास के केंद्र के रूप में सिन्हा लाइब्रेरी की स्थापना में महत्वपूर्ण योगदान दिया था।

उन्होंने लाइब्रेरी के लिए अपनी जमीन और भवन उपलब्ध कराया था। इसके साथ ही संस्थान के रखरखाव के लिए आर्थिक सहयोग भी दिया। यह उनके शिक्षा प्रेम, उदारता और समाज के प्रति दूरदर्शी सोच को दर्शाता है।

Dr Sachchidanand Sinha: नई पीढ़ी तक पहुंचाया जाएगा डॉ. सिन्हा का योगदान

राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि बिहार की धरती ने देश को अनेक महान विभूतियां दी हैं। डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा भी उन्हीं में से एक हैं। उनके ऐतिहासिक योगदान को अपेक्षित राष्ट्रीय पहचान मिलनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस डॉ. सिन्हा के व्यक्तित्व और कृतित्व को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने के लिए लगातार प्रयास करेगा। महापुरुषों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना और उनके आदर्शों को सामाजिक जीवन में अपनाना जरूरी है।

अंत में राजीव रंजन प्रसाद ने केंद्र सरकार से मांग की कि डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा के राष्ट्र निर्माण में योगदान का समुचित मूल्यांकन कर उन्हें मरणोपरांत भारत रत्न देने की घोषणा की जाए। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल बिहार की ऐतिहासिक विरासत ही नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक परंपराओं के प्रति भी सम्मान होगा।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.