रामपुर में मुख्तार अब्बास नकवी का राहुल गांधी और विपक्ष पर हमला, बोले- 2027 में भाजपा जीत की हैट्रिक लगाएगी

Mukhtar Abbas Naqvi Rampur: रामपुर में मुख्तार अब्बास नकवी ने पत्रकारों से बातचीत में राहुल गांधी, कांग्रेस और सपा पर निशाना साधा। उन्होंने 2027 में भाजपा की जीत की हैट्रिक का दावा किया।

Mukhtar Abbas Naqvi Rampur Visit: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने रामपुर के सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कांग्रेस, राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने विपक्ष की राजनीति पर कटाक्ष करते हुए कहा कि राहुल गांधी की राजनीति ‘रिजीम चेंज की रतौंधी और तख्तापलट की तमन्ना’ के रास्ते पर है। नकवी ने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा जीत की हैट्रिक लगाएगी और सपा गठबंधन को एक बार फिर हार का सामना करना पड़ेगा।

राहुल गांधी और कांग्रेस पर लगाए आरोप

मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि कांग्रेस और उसके कुछ सहयोगी अपने बयानों को सही साबित करने के लिए झूठ का सहारा ले रहे हैं। उनके मुताबिक, विपक्ष के नेता की राजनीति और बयानबाजी विपक्ष के लिए ताकत बनने के बजाय परेशानी का कारण बन रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि अस्थिरता और अराजकता के जरिए जनादेश को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। नकवी ने कहा कि भारत में लोकतंत्र की ताकत जनता का मत है। आजादी के बाद हुए आम चुनावों और राज्यों के चुनावों में जनता ने अपने जनादेश के जरिए सरकारें चुनी हैं, न कि हिंसा और बवाल के जरिए।

सपा-कांग्रेस के बीच सीटों की खींचतान पर कसा तंज

सपा और कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर चल रही खींचतान पर नकवी ने व्यंग्य करते हुए कहा कि दोनों दल एक-दूसरे को झटके दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश में सपा से बड़ी हिस्सेदारी मांग रही है, जबकि सपा उसे सीटें देने को तैयार नहीं दिख रही।

नकवी ने दावा किया कि 2027 के चुनाव में भाजपा जीत की हैट्रिक लगाएगी और सपा गठबंधन को फिर हार का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कांग्रेस की प्रस्तावित रैली और मॉक पार्लियामेंट पर भी कटाक्ष किया। उनके अनुसार, कांग्रेस की राजनीति उसके सहयोगी दलों के लिए भी मुश्किलें खड़ी कर रही है।

National Unity Day: रामपुर में राष्ट्रीय एकता दिवस पर दौड़े 400 लोग, हॉकी और योगासन प्रतियोगिताओं का भी आयोजन

विधान परिषद चुनाव को दूसरे चुनावों का पैमाना मानना ठीक नहीं

विधान परिषद चुनाव के नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए नकवी ने कहा कि भाजपा ने देशभर में हुए इन चुनावों में अच्छा प्रदर्शन किया है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि विधान परिषद चुनाव को किसी आगामी चुनाव से जोड़कर देखना उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि हर चुनाव का माहौल, मुद्दे और परिस्थितियां अलग होती हैं। पंचायत से लेकर संसद, विधानसभा, विधान परिषद और स्थानीय निकायों तक होने वाले चुनावों का अपना अलग महत्व होता है। कोई एक चुनाव दूसरे चुनाव का लिटमस टेस्ट या जनमत संग्रह नहीं होता।

यूपी में अपराधियों से सख्ती से निपटने वाली सरकार की जरूरत

उत्तर प्रदेश की राजनीति पर बोलते हुए नकवी ने कहा कि प्रदेश को ऐसी सरकार चाहिए जो उपद्रवियों, बाहुबलियों, दंगाइयों और अपराधियों से सख्ती से निपट सके। उन्होंने कहा कि अपराधियों और अराजक तत्वों को कानूनी कार्रवाई के दायरे में रखना जरूरी है।

नकवी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार की सराहना करते हुए कहा कि यह सरकार समाज के सभी वर्गों की सुरक्षा, समृद्धि और सशक्तिकरण के लिए काम कर रही है।

उन्होंने वैश्विक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए कहा कि दुनिया में संकट और अस्थिरता के बीच भारत को मजबूत नेतृत्व और स्थिर सरकार की जरूरत है। देश की व्यवस्था और अर्थव्यवस्था को कमजोर करने वाली किसी भी अराजक गतिविधि के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष हरीश गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष ख्याली राम लोधी, राकेश सिंह, कपिल आर्य, महासिंह राजपूत, दिलीप अरोड़ा, ओमप्रकाश लोधी, वसीम खान, जगपाल यादव, यशपाल यादव, पवन, सरदार विक्रम सिंह, रविंद्र सिंह रवि, डॉ. चंद्रपाल, अर्जुन रस्तोगी और शादाब खान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.