Seva Sankalp Abhiyan Rampur 2026: सेवा सेतु अभियान के तहत चमरौआ में विकास प्रदर्शनी एवं बहुउद्देशीय सेवा शिविर का आयोजन
Seva Sankalp Abhiyan Rampur 2026: प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के निरंतर सेवाकाल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और प्रत्येक नागरिक को विकसित भारत 2047 के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 के मध्य चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग की ओर से विकासखंड चमरौआ में विकास प्रदर्शनी तथा विभिन्न विभागों द्वारा बहुउद्देशीय सेवा शिविर एवं स्टॉल का आयोजन किया गया।
“ सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वारा ” थीम पर आयोजित सात दिवसीय सेवा शिविर एवं स्टॉल का उद्घाटन विकासखंड चमरौआ की ब्लॉक प्रमुख हरिबाला यादव ने फीता काटकर किया।
विकास प्रदर्शनी में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों, उपलब्धियों एवं विकास कार्यों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी में सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के माध्यम से आमजन को मिल रहे लाभ, विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी उपलब्ध कराई गई।
ब्लॉक प्रमुख ने विकास प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए इसकी सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रदर्शनियां आमजन के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। एक ही स्थान पर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं, नीतियों एवं उपलब्धियों की जानकारी मिलने से लोगों को योजनाओं को समझने तथा उनका लाभ लेने में सुविधा होगी।
इसके बाद ब्लॉक प्रमुख ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए सेवा शिविर एवं स्टॉल का निरीक्षण किया और विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन तथा पात्र लाभार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली।
इस दौरान उन्होंने आयुष्मान कार्ड के लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए। क्षय रोग से पीड़ित मरीज को पोषण किट प्रदान की गई तथा गर्भवती महिला की गोद भराई की रस्म भी संपन्न कराई गई।
7 दिवसीय शिविरों के माध्यम से एक ही स्थान पर मिलेंगी सेवाएं
सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत जनपद के प्रत्येक विकासखंड स्तर पर 7 दिवसीय बहुउद्देशीय सेवा शिविर एवं विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों में स्वास्थ्य मेला आयोजित करने के साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही है।
शिविरों में पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए ऑन-द-स्पॉट आवेदन पत्र भरने, दस्तावेजों की जांच तथा पात्रता सत्यापन की प्रक्रिया भी की जा रही है। विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने विभाग से संबंधित योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।
अभियान का उद्देश्य पात्र लोगों तक शासन की योजनाओं और सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना तथा किसी भी पात्र व्यक्ति को योजना के लाभ से वंचित न रहने देना है।
सात दिवसीय शिविरों के माध्यम से पात्रता के आधार पर अधिक से अधिक लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ते हुए शत-प्रतिशत लाभ दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
