Ellenabad Ganpati Mahotsav 2026: ऐलनाबाद में गूंजा गणपति बप्पा मोरिया का जयघोष, ध्वज शोभा यात्रा से हुआ 26वें गणपति महोत्सव का भव्य आगाज

ऐलनाबाद में भक्ति और उत्साह का माहौल, आज होगा विशाल भंडारा; शाम को सुंदरकांड और गणपति कीर्तन का आयोजन

ऐलनाबाद, 15 सितंबर(डॉ एम पी भार्गव): वार्ड नंबर 3 स्थित श्री गणेश मंदिर की श्री गणेश सेवा समिति की ओर से आयोजित 26वें विशाल श्री गणपति महोत्सव (Ellenabad Ganpati Mahotsav 2026) का भव्य आगाज रविवार को ध्वजा शोभा यात्रा के साथ हुआ। शोभायात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने शामिल होकर भगवान गणेश के जयकारे लगाए। इस दौरान पूरा ऐलनाबाद शहर ‘गणपति बप्पा मोरिया’ के जयघोष से गूंज उठा और माहौल भक्तिमय हो गया।

रविवार को दोपहर 3:15 बजे नोहर रोड स्थित श्री बालाजी धाम बगीची से ध्वजा शोभा यात्रा शुरू हुई। यात्रा शहर के प्रमुख बाजारों पंचमुखी चौक, ममेरा चौक, गांधी चौक और चौधरी देवीलाल चौक से होते हुए शाम को श्री गणेश मंदिर पहुंची। श्रद्धालु हाथों में पवित्र ध्वजा लेकर भजन-कीर्तन और गणपति बप्पा के जयकारों के साथ आगे बढ़े।

शोभायात्रा में भगवान गणेश सहित विभिन्न धार्मिक प्रसंगों पर आधारित आकर्षक और मनमोहक झांकियां प्रस्तुत की गईं। जगह-जगह लोगों ने अपने घरों की छतों से पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर श्रद्धालु नाचते-गाते हुए यात्रा में शामिल हुए। पूरे शहर में दिनभर धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना रहा।

इसके बाद सोमवार 14 सितंबर को सुबह 10:15 बजे विधि-विधान के साथ श्री गणपति मूर्ति की स्थापना की गई। सोमवार रात 9:15 बजे विशाल जागरण का आयोजन हुआ, जिसमें प्रसिद्ध भजन गायक अभिनव एरण और बबिता सोनी ने भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस से सराबोर किया।

Chants of 'Ganpati Bappa Morya' echoed in Ellanabad; the 26th Ganpati Mahotsav kicked off grandly with a flag procession

 

आज होगा विशाल भंडारा

गणपति महोत्सव के तहत आज मंगलवार, 15 सितंबर को सुबह 10:15 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। समिति के अनुसार भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर प्रसाद ग्रहण करेंगे। इसके बाद शाम 7:15 बजे से सुंदरकांड पाठ का आयोजन होगा, जबकि रात 10:15 बजे से गणपति कीर्तन किया जाएगा।

16 सितंबर को निकलेगी विसर्जन यात्रा

महोत्सव के अंतिम दिन बुधवार, 16 सितंबर को दोपहर 3:15 बजे श्री गणेश मंदिर से गणपति विसर्जन यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा मसीतां वाली हेड तक जाएगी, जहां विधि-विधान के साथ भगवान गणेश की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।

श्री गणेश सेवा समिति के सदस्यों ने श्रद्धालुओं से महोत्सव के सभी धार्मिक कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने और भगवान गणेश का आशीर्वाद प्राप्त करने का आह्वान किया है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.