डॉ. अशोक कुमार दूसरी बार बने उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष

• प्रान्तीय सम्मेलन में सर्वसम्मति से हुआ निर्वाचन, शिक्षकों की प्रमुख मांगों को भी जोर-शोर से उठाया

  • रिपोर्ट: सौरभ श्रीवास्तव

लखनऊ। लोक निर्माण विभाग के विश्वेश्वरैया प्रेक्षागृह में आयोजित उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी महासंघ के प्रान्तीय सम्मेलन एवं द्विवार्षिक महाधिवेशन में राजकीय शिक्षक संघ उत्तर प्रदेश के प्रान्तीय महामंत्री डॉ. अशोक कुमार को सर्वसम्मति से दूसरी बार प्रदेश उपाध्यक्ष निर्वाचित किया गया। निर्वाचन के दौरान संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल रहा। महाधिवेशन की अध्यक्षता अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिव प्रताप सिंह ने की। मुख्य अतिथि के रूप में अखिल भारतीय राज्य कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष शशिकांत राय उपस्थित रहे। सम्मेलन का संचालन लोक निर्माण विभाग एसोसिएशन के प्रान्तीय महामंत्री जय प्रकाश पाण्डेय ने किया। सम्मेलन में करीब 15 प्रदेश स्तरीय संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ मौजूद रही।

इस दौरान कमल अग्रवाल लगातार तीसरी बार प्रदेश अध्यक्ष तथा अशोक कुमार सिंह महामंत्री निर्वाचित हुए। वहीं वरिष्ठ प्रान्तीय उपाध्यक्ष डॉ. विजय भारतीय सिंह को सर्वसम्मति से प्रान्तीय मन्त्री निर्वाचित किया गया। सम्मेलन में डॉ. अशोक कुमार ने शिक्षकों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने ऑनलाइन स्थानांतरण व्यवस्था के साथ विषम परिस्थितियों में सेवारत शिक्षकों के लिए 4 प्रतिशत विभागीय कोटे के अंतर्गत ऑफलाइन स्थानांतरण की पारदर्शी व्यवस्था शुरू करने की मांग की। इसके अलावा समयबद्ध पदोन्नति तथा राजकीय शिक्षकों को भी राज्य कर्मचारी का दर्जा दिए जाने का मुद्दा जोर-शोर से उठाया। इस अवसर पर राजकीय शिक्षक संघ उत्तर प्रदेश के प्रान्तीय अध्यक्ष अशोक कुमार गौतम, प्रांतीय कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. सत्यम् शिवम् सुंदरम्, वरिष्ठ प्रान्तीय उपाध्यक्ष डॉ. विजय भारतीय सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष वेद प्रकाश राय एवं अनुप्रिया गौतम, विन्ध्याचल मंडल की वरिष्ठ मंडलीय उपाध्यक्ष प्रमिला श्रीवास्तव, लखनऊ के जिलाध्यक्ष अखिलेश कुमार अवस्थी, इटावा के जिलाध्यक्ष प्रशान्त कुमार समेत रामपुर से किरन पाल, प्रतापगढ़ से विनोद कुमार, गोण्डा से नेहा जायसवाल, भदोही से ख़ुशबू सिंह, मुरादाबाद से हरेन्द्र कुमार यादव और लखनऊ से सचिन कुमार आदि मौजूद रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.