रामपुर, शासन के निर्देशानुसार जनपद में संचारी रोगों की प्रभावी रोकथाम एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से संचालित विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा दस्तक अभियान की अवधि को 10 दिन बढ़ाते हुए अब 10 अगस्त, 2026 तक कर दिया गया है। पूर्व में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 1 जुलाई से 31 जुलाई तथा दस्तक अभियान 11 जुलाई से 31 जुलाई, 2026 तक संचालित किया जा रहा था।
इस सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी देते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ. दीपा सिंह ने बताया कि शासन स्तर पर अभियान की समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि कुछ जनपदों में विभिन्न विभागों द्वारा निर्धारित गतिविधियां अपेक्षित स्तर तक पूर्ण नहीं हो सकी हैं। मानसून के दौरान एवं उसके बाद संचारी रोगों की रोकथाम की दृष्टि से इस अभियान को अत्यंत महत्वपूर्ण मानते हुए इसकी अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि विस्तारित अवधि में स्वास्थ्य विभाग सहित सभी संबंधित विभाग समन्वित रूप से स्वच्छता अभियान, जलभराव की रोकथाम, मच्छरों के प्रजनन स्थलों का निस्तारण, एंटी लार्वा एवं फॉगिंग कार्य, घर-घर दस्तक देकर रोगियों की पहचान, बुखार एवं अन्य लक्षणों वाले व्यक्तियों की जांच तथा जनजागरूकता संबंधी गतिविधियों को और अधिक सघनता से संचालित करेंगे।
सीएमओ ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अपने घरों एवं आसपास स्वच्छता बनाए रखें, कहीं भी पानी एकत्र न होने दें, पूरी बांह के कपड़े पहनें, मच्छरदानी का प्रयोग करें तथा बुखार, खांसी, दस्त या अन्य संचारी रोगों के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करें। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग एवं आशा कार्यकर्ताओं को आवश्यक सहयोग प्रदान करें।
