Ellenabad, July 31 ( एम पी भार्गव): शहर की हुड्डा कॉलोनी में हाल ही में निर्मित बरसाती पानी के चेंबर की घटिया गुणवत्ता को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। आरोप है कि चेंबर का विधिवत उद्घाटन होने से पहले ही हुई हल्की बारिश में उसके आसपास की जमीन धंस गई, इंटरलॉकिंग टाइलें उखड़ गईं और सुरक्षा जाली भी एक ओर झुक गई।
शहर के वयोवृद्ध नेता एवं स्वतंत्रता सेनानी रामलाल मेहता ने कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं हुआ है। उन्होंने संबंधित विभाग के जेई से मौके पर पहुंचकर जांच की मांग की।
नरेश सरदाना हुड्डा कॉलोनी निवासी ने कहा कि बरसात अभी शुरू भी नहीं हुई है और पहली ही बारिश में निर्माण की पोल खुल गई। “यदि समय रहते सुधार नहीं हुआ तो तेज बारिश में चेंबर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो सकता है और लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ जाएगी।”
समाजसेवी बबलू शेखावत ने जनप्रतिनिधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता जिनको चुनकर भेजती है उनकी जिम्मेदारी बनती है कि विकास कार्यों की गुणवत्ता पर नजर रखें। “इस मामले में जनप्रतिनिधि गंभीरता नहीं दिखा रहे।”
कॉलोनीवासियों का कहना है कि सरकारी धन से हो रहे कामों में इस तरह की लापरवाही से न केवल सरकारी राशि की बर्बादी हो रही है, बल्कि आमजन की सुरक्षा भी दांव पर लग रही है।
रामलाल मेहता, नरेश सरदाना, बबलू शेखावत सहित अन्य निवासियों ने विभाग से निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि घटिया सामग्री या लापरवाही की पुष्टि होती है तो संबंधित ठेकेदार और अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। साथ ही क्षतिग्रस्त चेंबर और उखड़ी इंटरलॉकिंग को गुणवत्तापूर्ण तरीके से दोबारा बनवाया जाए।
