मिर्जापुर में मोबाइल चोरी करने वाला संगठित गिरोह गिरफ्तार, 11 चोरी के मोबाइल बरामद, दो बाल अपचारी भी पकड़े गए

विंध्याचल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3 लाख रुपये कीमत के 11 मोबाइल बरामद, गिरोह लंबे समय से चोरी कर बेचता था मोबाइल

  • रिपोर्ट- मंजय वर्मा

मिर्जापुर। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में अपराधियों और वाहन/मोबाइल चोरी करने वाले गिरोहों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विंध्याचल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना विंध्याचल पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए मोबाइल चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो बाल अपचारियों समेत कुल सात आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 3 लाख रुपये कीमत के 11 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, रविवार को अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में थाना विंध्याचल पुलिस ने पटेंगहरा नाला रेलवे ओवरब्रिज के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान समीर सरोज, पंकज, रोशन सरोज, मोहित सरोज, विकास विश्वकर्मा समेत दो बाल अपचारियों को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे लंबे समय से संगठित गिरोह बनाकर विभिन्न स्थानों पर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। चोरी के मोबाइल और अन्य सामान अलग-अलग ग्राहकों को बेचकर उससे मिलने वाली रकम आपस में बराबर-बराबर बांट लेते थे। गिरोह के सदस्य समीर सरोज और पंकज ग्राहकों से संपर्क कर चोरी के मोबाइल बेचने का काम करते थे। रविवार को भी वे चोरी के मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक बुलाकर एकत्र हुए थे, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।

पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ थाना विंध्याचल में मु.अ.सं. 208/2026 के तहत धारा 317(2), 317(4) एवं 317(5) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर लिया है। सभी गिरफ्तार आरोपितों को न्यायालय भेज दिया गया, जबकि दोनों बाल अपचारियों को बाल सुधार गृह भेजा गया।

पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई करने वाली विंध्याचल पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.