रामपुर। जिले के मिलक क्षेत्र स्थित कथित नारायण हॉस्पिटल में इलाज के दौरान एक गर्भवती महिला की मौत के बाद हड़कंप मच गया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया। आरोप है कि महिला की मौत के बाद अस्पताल का डॉक्टर और स्टाफ मौके से फरार हो गया।
मृतका की पहचान थाना शहजादनगर क्षेत्र के झुनैया गांव निवासी 28 वर्षीय काजल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, काजल को सामान्य प्रसव के लिए नारायण हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। उनका आरोप है कि अस्पताल में कोई योग्य डॉक्टर मौजूद नहीं था और प्रसव के दौरान लापरवाही बरती गई, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच के बाद अस्पताल को सील कर दिया। विभाग ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही अस्पताल में तैनात डॉक्टरों और अन्य स्टाफ की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, परिजनों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
