- रिपोर्ट: शाहबाज़ खां
रामपुर: शहर के थाना गंज क्षेत्र में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की नकदी और सोने के आभूषण चोरी कर लिए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पीड़िता शायदा खानम, पत्नी जैजान रजा, निवासी मस्जिद जहरुद्दीन, सिटी हॉस्पिटल के सामने, थाना गंज ने बताया कि वह शुक्रवार को अपने मायके स्वार गई हुई थीं।

शनिवार शाम करीब 5 बजे जब वह वापस लौटीं तो घर का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो अलमारी और अन्य सामान बिखरा पड़ा था तथा चोर घर में रखे करीब 3 लाख रुपये नकद, बैंक का एटीएम कार्ड और लाखों रुपये मूल्य के सोने के आभूषण चोरी कर ले गए। पीड़िता के अनुसार चोरी हुए सामान में सोने का हार, चेन, चूड़ियां, अंगूठियां, कुंडल, नाक की लौंग और अन्य आभूषण शामिल हैं।

सूचना मिलने पर थाना गंज पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों और किरायेदारों से भी पूछताछ की तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
